टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. तीनों अभिनेताओं से ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर जवाब मांगा गया है. FDA का आरोप है कि इलायची के विज्ञापन की आड़ में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा रहा है.
मीडिया रेपोर्ट्स के अनुसार FDA ने 11 अगस्त को तीनों कलाकारों को नोटिस भेजा. इसमें उन्हें 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने और विज्ञापन से जुड़ी भूमिका पर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है. शाहरुख खान के मुंबई स्थित आवास ‘मन्नत’, अजय देवगन के जुहू स्थित घर और टाइगर श्रॉफ की प्रोडक्शन कंपनी के पते पर नोटिस भेजा गया है.
FDA की आपत्ति विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए ‘विमल’ ब्रांड नाम, उत्पाद और संवाद को लेकर है. विभाग का मानना है कि विज्ञापन को जिस तरीके से प्रस्तुत किया गया है, उससे दर्शकों के बीच ‘विमल’ ब्रांड की पहचान मजबूत होती है. चूंकि इसी ब्रांड का संबंध पान मसाला उत्पाद से भी है, इसलिए विभाग को आशंका है कि इलायची के प्रचार के जरिए प्रतिबंधित उत्पाद का अप्रत्यक्ष विज्ञापन किया जा रहा है.
महाराष्ट्र में पान मसाला पर प्रतिबंध
महाराष्ट्र में तंबाकू और निकोटिन युक्त गुटखा तथा पान मसाला पर लंबे समय से प्रतिबंध लागू है. राज्य में यह रोक समय-समय पर बढ़ाई जाती रही है. मौजूदा प्रतिबंध 13 जुलाई 2026 से अगले एक साल के लिए लागू किया गया है. इसके तहत प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक है.
FDA ने अवैध तंबाकू और गुटखा कारोबार के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है. FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने अधिकारियों को संगठित तंबाकू और गुटखा नेटवर्क के खिलाफ पुलिस के साथ मिलकर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम यानी MCOCA के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
दो महीने में करोड़ों का प्रतिबंधित माल जब्त
FDA के आंकड़ों के मुताबिक, 25 मई से 31 जुलाई के बीच राज्य में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया. इस दौरान 658 ठिकानों पर छापेमारी की गई. करीब 15.11 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित स्टॉक जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान 519 FIR दर्ज हुईं और 701 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा प्रतिबंधित सामान की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे 78 वाहनों को भी जब्त किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6.6 करोड़ रुपये बताई गई है.
पहले भी विवादों में रहा विमल इलायची विज्ञापन
‘विमल इलायची’ के प्रचार को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं. साल 2018 में स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय ने COTPA, 2003 के तहत संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया था. कंपनी की ओर से अदालत में यह तर्क दिया गया था कि घरेलू बाजार में ‘विमल’ ब्रांड के नाम से तंबाकू उत्पाद नहीं बनाए जाते.
जनवरी 2024 में दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इस मामले से जुड़े एक आदेश को बरकरार रखा था. अदालत ने कहा था कि यदि किसी उत्पाद पर कानूनन प्रतिबंध नहीं है, तो तंबाकू रहित उत्पाद के व्यापार और विज्ञापन पर स्वतः रोक नहीं लगाई जा सकती. हालांकि, महाराष्ट्र में पान मसाला पर मौजूदा प्रतिबंध के चलते FDA ने अब इन विज्ञापनों की भूमिका को लेकर तीनों अभिनेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है. आगे की कार्रवाई उनके जवाब और जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी.
