☰
ENTERTAINMENT

बड़ी खबर: तुषार के बाद आयुष्मान खुराना को मिली रंगदारी की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगे करोड़ों रुपये

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): बॉलीवुड में एक बार फिर रंगदारी और धमकी का मामला सामने आया है. अभिनेता तुषार कपूर के बाद अब आयुष्मान खुराना को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि अभिनेता को एक ऑडियो मैसेज भेजा गया, जिसमें उनसे करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई है. इस घटना के बाद आयुष्मान खुराना ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.

ऑडियो मैसेज भेजकर मांगी गई रंगदारी

आयुष्मान खुराना को भेजे गए ऑडियो मैसेज में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर मोटी रकम की मांग की गई है. हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में गैंग से जुड़ा है या किसी ने बदमाशों के नाम का इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने की कोशिश की है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से भी अब तक इस मामले की जिम्मेदारी लेने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस शिकायत मिलने के बाद धमकी भरे ऑडियो और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना के पीछे किसका हाथ है.

तुषार कपूर से भी मांगे गए थे 5 करोड़ रुपये

इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह की धमकी मिली थी. उनके पास वॉयस नोट भेजकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. तुषार कपूर ने इस मामले की शिकायत मुंबई पुलिस से की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी.

जांच के दौरान पुलिस ने धमकी भरे ऑडियो की तुलना अपने रिकॉर्ड में मौजूद हैरी बॉक्सर की असली आवाज के नमूने से की थी. मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों का मिलान नहीं हुआ. इसके बाद शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि किसी व्यक्ति ने गैंग का नाम लेकर फर्जी धमकी दी हो सकती है.

बॉलीवुड के कई सितारों के नाम आए सामने

पिछले कुछ समय से बॉलीवुड के कई कलाकारों को धमकी मिलने की खबरें सामने आई हैं. 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना हुई थी. इस हमले में वह बाल-बाल बच गए थे. बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए गए अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

अब तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को रंगदारी के लिए धमकी मिलने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. हालांकि, इन सभी मामलों में धमकी देने वालों का गैंग से वास्तविक संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.