टिएनपी डेस्क(TNP DESK): पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क की कार पर कनाडा में फायरिंग का मामला सामने आया है. शनिवार देर रात एक शो खत्म होने के बाद एमी विर्क अपने साथियों के साथ रोल्स रॉयस कलिनन में जा रहे थे. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर कई गोलियां चलाईं. हमले के समय कार में एमी समेत चार लोग मौजूद थे. राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई.
हमलावरों ने करीब 7 से 10 राउंड फायर किए. कार पर सात गोलियों के निशान मिले हैं. सबसे ज्यादा नुकसान कार के पिछले शीशे पर हुआ. शुरुआती जानकारी में केवल एक कार पर फायरिंग की बात सामने आई थी. बाद में कार्यक्रम से जुड़े आयोजकों ने बताया कि घटना के समय एमी विर्क भी उसी गाड़ी में मौजूद थे.
शो से निकलने के बाद हुआ हमला
घटना शनिवार रात करीब 11 बजे एबॉट्सफोर्ड के मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेजर वे के पास हुई. एमी विर्क कार्यक्रम खत्म करने के बाद वहां से निकले थे. रास्ते में हमलावरों ने उनकी कार पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगने से गाड़ी को नुकसान पहुंचा, लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित रहे.
बताया जा रहा है कि एमी के साथ कार में सरे का एक व्यक्ति भी मौजूद था, जिस पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमला हो चुका है. पुलिस ने फिलहाल यह साफ नहीं किया है कि हमलावरों के निशाने पर एमी विर्क थे या कार में मौजूद कोई दूसरा व्यक्ति. जांच एजेंसियां इस पहलू को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही हैं.
घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर मिली जली SUV
फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भाग निकले. बाद में घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर सनी साइड प्लेस के पास पुलिस को एक संदिग्ध SUV जली हुई हालत में मिली. आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने इसी वाहन का इस्तेमाल वारदात में किया होगा और पहचान छिपाने या सबूत मिटाने के लिए बाद में इसमें आग लगा दी होगी. पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध की जांच कर रही है.
पहले भी निशाने पर आ चुके हैं पंजाबी कलाकार
कनाडा में पंजाबी कलाकारों से जुड़ी फायरिंग की यह पहली घटना नहीं है. नवंबर 2023 में गिप्पी ग्रेवाल से जुड़ी संपत्ति पर फायरिंग की घटना सामने आई थी. सितंबर 2024 में एपी ढिल्लों के घर के बाहर गोलियां चलाई गई थीं और वाहनों में आग लगाने की घटना भी हुई थी.
फरवरी 2025 में पंजाबी सिंगर प्रेम ढिल्लों के घर को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई. जुलाई 2025 में सरे स्थित कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े कैफे के बाहर फायरिंग हुई थी. इसके बाद अक्टूबर 2025 में पंजाबी कलाकार तेजी कहलों और चन्नी नट्टन से जुड़ी फायरिंग की घटनाएं भी सामने आईं.
एमी विर्क की कार पर हुए ताजा हमले के बाद कनाडा में पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है. पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.