TNP DESK:इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के शुरुआती दिनों में फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. फिल्म की सफलता के बाद इमरान हाशमी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनके करियर को भी इससे नई गति मिलती नजर आ रही है. अब अभिनेता के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें वह अलग-अलग तरह के किरदार निभाते दिखाई देंगे.
‘आवारापन 2’ के बाद इमरान हाशमी की आने वाली फिल्मों में कुछ लोकप्रिय फ्रेंचाइजी के अगले पार्ट शामिल हैं, जबकि कुछ फिल्मों में वह एक्शन और हॉरर जैसे अलग-अलग जॉनर में नजर आएंगे. उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर फैंस के बीच भी काफी उत्सुकता है.
जन्नत 3 में फिर दिख सकता है इमरान का रोमांटिक अंदाज
इमरान हाशमी की लोकप्रिय फिल्मों में ‘जन्नत’ फ्रेंचाइजी का खास स्थान है. साल 2008 में रिलीज हुई ‘जन्नत’ और 2012 में आई ‘जन्नत 2’ में इमरान मुख्य भूमिका निभा चुके हैं. अब इस सीरीज की तीसरी फिल्म पर काम शुरू होने की खबर सामने आई है. निर्माता विशेष भट्ट ने ‘जन्नत 3’ की स्क्रिप्ट पर काम शुरू होने की पुष्टि की है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि तीसरे पार्ट में भी इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में नजर आ सकते हैं.
एक्शन अवतार में नजर आएंगे ‘गनमास्टर G9’ में
इमरान हाशमी की अगली फिल्मों में ‘गनमास्टर G9’ भी शामिल है. यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें उनके साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी अहम किरदार निभाएंगे. फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है. मेकर्स के मुताबिक यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी. फिल्म में इमरान को एक अलग तरह के एक्शन अवतार में देखने की उम्मीद है.
‘G2’ में इंटरनेशनल मिशन पर निकलेंगे इमरान
‘G2’ भी इमरान हाशमी की चर्चित फिल्मों में से एक है. यह तेलुगु की लोकप्रिय स्पाई फिल्म ‘गुडाचारी’ का सीक्वल है. इस स्पाई-एक्शन प्रोजेक्ट में इमरान हाशमी और अदीवि शेष अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है. हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
हॉरर के साथ म्यूजिक का तड़का लगाएगी ‘रूह’
इमरान हाशमी ‘रूह’ के जरिए हॉरर जॉनर में भी वापसी करने जा रहे हैं. यह एक म्यूजिकल हॉरर फिल्म होगी, जिसका निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं. फिल्म को हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज करने की योजना है. ‘रूह’ के 2027 में सिनेमाघरों में आने की उम्मीद है.
इमरान हाशमी के आने वाले प्रोजेक्ट्स को देखें तो अभिनेता के पास फिलहाल अलग-अलग जॉनर की फिल्मों का मजबूत लाइनअप है. ‘जन्नत 3’ में फ्रेंचाइजी की वापसी, ‘गनमास्टर G9’ में एक्शन, ‘G2’ में स्पाई मिशन और ‘रूह’ में हॉरर का अनुभव दर्शकों को देखने को मिल सकता है. ऐसे में ‘आवारापन 2’ के बाद इमरान के फैंस के लिए आने वाला समय काफी दिलचस्प रहने वाला है.
