टीएनपी डेस्क(TNP DESK): संगीत की दुनिया में भारत की पहचान हमेशा से खास रही है. यहां के लोकगीतों से लेकर शास्त्रीय संगीत और बॉलीवुड के गानों तक, हर तरह के संगीत की अपनी अलग पहचान है. भारतीय गानों की धुन और उनके बोल सिर्फ देश के लोगों को ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले संगीत प्रेमियों को भी पसंद आते हैं. यही वजह है कि भारतीय कलाकारों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित म्यूजिक अवॉर्ड्स में शामिल Grammy Awards में भारतीय कलाकारों की उपलब्धियां इसका बड़ा उदाहरण हैं. कई भारतीय संगीतकारों ने अपने काम से इस मंच पर जगह बनाई और देश का नाम रोशन किया. किसी ने बॉलीवुड के गाने से दुनिया का ध्यान खींचा, तो किसी ने तबले, बांसुरी और फ्यूजन म्यूजिक के जरिए भारतीय संगीत की ताकत दिखाई. आइए जानते हैं ऐसे पांच मशहूर म्यूजिक ट्रैक्स के बारे में, जिनका नाम Grammy जीतने वाली उपलब्धियों से जुड़ा है.
जय हो- ए.आर. रहमान
भारतीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले गानों में ए.आर. रहमान का 'जय हो' सबसे खास है. साल 2008 में आई हॉलीवुड फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए तैयार किया गया यह गाना रिलीज होते ही दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया था. इसकी धुन ए.आर. रहमान ने तैयार की थी और इसके बोल गुलजार ने लिखे थे. तन्वी शाह ने भी इस गाने में अपनी आवाज दी थी.
साल 2010 में 52वें Grammy Awards में 'जय हो' को Best Song Written for Motion Picture, Television or Other Visual Media का अवॉर्ड मिला. इस उपलब्धि ने भारतीय फिल्म संगीत को दुनिया के बड़े मंच पर नई पहचान दिलाई. आज भी जब भारतीय संगीत की अंतरराष्ट्रीय सफलता की बात होती है, तो 'जय हो' का नाम सबसे पहले लिया जाता है.
पश्तो- जाकिर हुसैन और राकेश चौरसिया
भारतीय शास्त्रीय संगीत की खूबसूरती को दुनिया तक पहुंचाने में तबला वादक जाकिर हुसैन का बड़ा योगदान रहा है. उनके साथ बांसुरी वादक राकेश चौरसिया ने भी कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी कला दिखाई है. 'पश्तो' ऐसा ही एक म्यूजिक ट्रैक है, जिसमें जाकिर हुसैन, राकेश चौरसिया, बेला फ्लेक और एडगर मेयर ने साथ काम किया.
इस ट्रैक में तबले, बांसुरी और दूसरे वाद्ययंत्रों का ऐसा मेल सुनने को मिलता है, जो भारतीय संगीत की अलग पहचान पेश करता है. साल 2024 में 66वें Grammy Awards में 'पश्तो' को Best Global Music Performance का अवॉर्ड मिला. इस जीत ने साबित किया कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की धुनें दुनिया के संगीत प्रेमियों को भी उतनी ही पसंद आती हैं.
मोहनम- शक्ति बैंड
भारतीय शास्त्रीय संगीत और पश्चिमी जैज का शानदार मेल सुनना हो तो शक्ति बैंड का नाम जरूर याद आता है. इस बैंड में शंकर महादेवन, जाकिर हुसैन, जॉन मैकलॉफलिन, गणेश राजगोपालन और वी. सेल्वगणेश जैसे कलाकार शामिल हैं.
बैंड के एल्बम 'This Moment' में शामिल 'मोहानम' एक खास म्यूजिकल ट्रैक है. इसमें भारतीय संगीत की पारंपरिक धुनों के साथ जैज और फ्यूजन का अंदाज सुनने को मिलता है. साल 2024 में इस एल्बम को Best Global Music Album का Grammy Award मिला. यह जीत भारतीय संगीतकारों के लिए बड़ी उपलब्धि रही. हालांकि, Grammy का अवॉर्ड पूरे एल्बम को दिया गया था, न कि इस ट्रैक को अलग से.
महात्मा- रिकी केज
भारतीय संगीतकार रिकी केज भी Grammy Awards में अपनी खास पहचान बना चुके हैं. उनका एल्बम 'Winds of Samsara' भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी संगीत का खूबसूरत संगम है. इस प्रोजेक्ट में उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी संगीतकार वाउटर केलरमैन के साथ काम किया था.
इस एल्बम में शामिल 'महात्मा' ट्रैक शांति और महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित है. इसकी धुन में भारतीय संगीत की झलक के साथ एक अंतरराष्ट्रीय अंदाज भी देखने को मिलता है. साल 2015 में इस एल्बम को Best New Age Album का Grammy Award मिला था. इस जीत ने रिकी केज को दुनिया भर में पहचान दिलाई.
हिमालयाज- डिवाइन टाइड्
रिकी केज का एक और चर्चित प्रोजेक्ट 'Divine Tides' भी Grammy Awards में अपनी छाप छोड़ चुका है. अमेरिकी संगीतकार स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ तैयार किए गए इस एल्बम में प्रकृति, पर्यावरण और इंसान के रिश्ते को संगीत के जरिए पेश किया गया है.
इस एल्बम का 'हिमालयाज' ट्रैक खास है. इसकी धुन सुनते समय पहाड़ों, प्रकृति और शांत वातावरण का एहसास होता है. साल 2022 में 'Divine Tides' को Best New Age Album का Grammy Award मिला. इसके बाद 2023 में इसी एल्बम ने Best Immersive Audio Album का अवॉर्ड भी अपने नाम किया.
भारतीय संगीत की गूंज पहुंची दुनिया तक
इन उपलब्धियों से साफ है कि भारतीय संगीत की ताकत सिर्फ बॉलीवुड तक सीमित नहीं है. हमारे कलाकार शास्त्रीय संगीत, जैज, फ्यूजन और अंतरराष्ट्रीय संगीत की दूसरी शैलियों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं. ए.आर. रहमान से लेकर जाकिर हुसैन और रिकी केज तक, इन कलाकारों ने दुनिया को दिखाया है कि भारतीय संगीत में कितनी विविधता और संभावनाएं हैं. Grammy Awards में मिली ये सफलताएं आने वाली पीढ़ी के कलाकारों के लिए भी प्रेरणा हैं.