टीएनपी डेस्क (TNP DESK):नीट पेपर लीक को लेकर पिछले 26 दिनों से देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. खास बात यह है कि सीजेपी भी जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन कर रही है. उनकी मुख्य मांग है कि नीट पेपर लीक मामले की सरकार निष्पक्ष जांच कराए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें.आज सीजेपी के साथ-साथ देश के करोड़ों छात्रों को बड़ी जीत मिली है, जो लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. आज शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.
धर्मेंद्र प्रधान ने चिट्ठी को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है
मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे की चिट्ठी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है. वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस्तीफे की चिट्ठी भेजी है. इस बीच सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने भी अपना बयान जारी किया. उन्होंने कहा, सरकार कोई भी हो, झुकेगी जरूर, बस उसे झुकाने वाला चाहिए.प्रधान ने इस्तीफे को लेकर दो पेज और 575 शब्दों की चिट्ठी पोस्ट की. इस चिट्ठी में उन्होंने अन्य बातों के साथ दो जगह युवाओं को भ्रमित किए जाने का भी जिक्र किया है.
पढ़ें एक्स पर धर्मेंद्र प्रधान ने क्या कहा है
वहीं शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मेरे युवा साथियों, मैं पिछले चार दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं. मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है. मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूं. भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ, उसके लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करता हूं."
