टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में मेडिकल की पढ़ाई करने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए आज की ये खबर बड़े काम की है, क्योंकी इस खबर में आपको MBBS से जुड़े कई सारे सवालों के जवाब मिलेंगे. अब मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्रों के मन में सबसे पहला सवाल यही आता है की आखिर झारखंड में कितनी मेडिकल की सीटें हैं?
दरअसल चिकित्सा आयोग (NMC) के अनुसार, झारखंड में 11 मेडिकल संस्थानों में एमबीबीएस की कुल 1,650 सीटें हैं. इनमें छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 800 सीटें और पांच निजी मेडिकल कॉलेजों में 850 सीटें शामिल हैं. इस आंकड़े में एम्स जैसे केंद्रीय संस्थान शामिल नहीं हैं, क्योंकि उनकी सीटें अलग से निर्धारित होती हैं. ऐसे में राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में 250, जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में 150 और धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 100 सीटें हैं. इसके अलावा हजारीबाग, दुमका और पलामू के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 100-100 सीटें उपलब्ध हैं.
वहीं निजी मेडिकल कॉलेजों में जमशेदपुर के मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में 250, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 200, लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज में 150, सिदो कान्हू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 150 और बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में 100 सीटें शामिल हैं.
MBBS में दाखिले की क्या है प्रक्रिया?
उम्मीदवार को 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी/बायोटेक्नोलॉजी के साथ निर्धारित पात्रता पूरी करनी होती है.
NEET UG परीक्षा में शामिल होकर निर्धारित क्वालिफाइंग परसेंटाइल प्राप्त करना होता है.
झारखंड के राज्य कोटे की सीटों के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) की वेबसाइट पर ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए आवेदन करना होता है.
उम्मीदवार को अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और कोर्स का विकल्प भरना होता है.
NEET रैंक, आरक्षण, उपलब्ध सीटों और मेरिट के आधार पर सीट आवंटित की जाती है.
सीट मिलने के बाद निर्धारित समय में कॉलेज में दस्तावेजों का सत्यापन और दाखिले की प्रक्रिया पूरी करनी होती है.
सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में कितना जाता है कटऑफ?
एमबीबीएस में कटऑफ दो तरह का होता है. पहला NEET का क्वालिफाइंग कटऑफ, जिसके आधार पर उम्मीदवार काउंसलिंग के लिए पात्र होता है. दूसरा एडमिशन कटऑफ, यानी वह रैंक जिस पर किसी कॉलेज में सीट आवंटित होती है. NEET UG 2026 में सामान्य और EWS वर्ग के लिए न्यूनतम 50वां परसेंटाइल, जबकि SC, ST और OBC वर्ग के लिए 40वां परसेंटाइल निर्धारित है. दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अलग पात्रता मानक लागू होते हैं.
झारखंड की 2026 की राज्य कोटे की काउंसलिंग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सामान्य वर्ग की सीटों का कटऑफ कॉलेज के अनुसार अलग-अलग रहा. रिम्स रांची में सामान्य वर्ग की अंतिम आवंटित सीट राज्य मेरिट रैंक 105 के आसपास बंद हुई, जबकि पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में यह रैंक 394 तक पहुंची. अन्य सरकारी कॉलेजों में भी रैंक के आधार पर अंतर रहा.
निजी मेडिकल कॉलेजों में सरकारी कॉलेजों की तुलना में अधिक रैंक पर भी सीट मिलने की संभावना रहती है. 2026 के उपलब्ध आंकड़ों में निजी कॉलेजों की सामान्य वर्ग की मेरिट सीटों का कटऑफ लगभग 552 से 2,926 तक बताया गया है. हालांकि, यह कॉलेज, कोटा और काउंसलिंग राउंड के अनुसार बदलता है.
