CAREER

झारखंड में कुल कितने सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेज हैं? जानिए पूरी लिस्ट और MBBS एडमिशन की प्रक्रिया

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में मेडिकल शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में अगर आप NEET-UG की तैयारी कर रहे हैं या MBBS में दाखिला लेने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि राज्य में कुल कितने सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेज हैं, कितनी MBBS सीटें उपलब्ध हैं और एडमिशन की प्रक्रिया क्या है. हाल ही में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने दुमका जिले के रानीश्वर स्थित सिदो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 100 MBBS सीटों के साथ नए निजी मेडिकल कॉलेज के रूप में मंजूरी दी है. इस फैसले के बाद एम्स देवघर समेत झारखंड में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि MBBS सीटों का आंकड़ा 1130 से बढ़कर 1500 तक पहुंच गया है. यानी अब राज्य के छात्रों के पास पहले की तुलना में अधिक मेडिकल कॉलेज और ज्यादा सीटों का विकल्प उपलब्ध होगा. आइए जानते हैं झारखंड के सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों की पूरी सूची, सीटों का गणित और MBBS में एडमिशन की पूरी प्रक्रिया.

अब झारखंड में कितने मेडिकल कॉलेज हैं?
सरकारी मेडिकल कॉलेज (6)
•    राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची 
•    शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज, धनबाद 
•    एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर 
•    पलामू मेडिकल कॉलेज, मेदिनीनगर 
•    फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका 
•    शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग 

निजी मेडिकल कॉलेज (4)
•    मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर 
•    लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पलामू 
•    नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल 
•    सिदो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, रानीश्वर (नया) 

केंद्रीय संस्थान (1)
•    एम्स, देवघर 
इस तरह अब झारखंड में कुल 11 मेडिकल कॉलेज संचालित होंगे.

1500 पहुंची MBBS सीटों की संख्या
NMC की मंजूरी के बाद राज्य में MBBS सीटों में भी बड़ा इजाफा हुआ है.
•    सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कुल सीटें – 800 
•    निजी मेडिकल कॉलेजों में कुल सीटें – 700 
•    कुल MBBS सीटें – 1500 

इसके अलावा कई संस्थानों में सीटों की संख्या बढ़ाई गई है.
•    RIMS, रांची: 180 से बढ़कर 250 सीटें 
•    मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज: 200 से बढ़कर 250 सीटें 
•    लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज: 100 से बढ़कर 150 सीटें 
•    नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज: 100 से बढ़कर 200 सीटें 
•    सिदो कान्हू मेडिकल कॉलेज: नई 100 सीटें 

650 बेड का आधुनिक अस्पताल पहले से संचालित
सिदो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निदेशक मुरली नायर के अनुसार मेडिकल कॉलेज के लिए अत्याधुनिक शैक्षणिक और चिकित्सा सुविधाएं विकसित की गई हैं. यहां 650 बेड का अस्पताल पिछले चार वर्षों से संचालित है. अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन, डायलिसिस यूनिट समेत कई आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं. इससे संताल परगना क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ-साथ मेडिकल छात्रों को भी आधुनिक वातावरण में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा.

एडमिशन की पूरी प्रक्रिया
•    सबसे पहले NEET-UG परीक्षा पास करनी होगी. 
•    परीक्षा के बाद NEET रैंक जारी की जाती है. 
•    इसी रैंक के आधार पर Medical Counselling Committee (MCC) और Jharkhand Combined Entrance Competitive Examination Board (JCECEB) काउंसलिंग आयोजित करते हैं. 
•    15% ऑल इंडिया कोटा की सीटों पर MCC के माध्यम से प्रवेश मिलता है. 
•    85% राज्य कोटा की सीटों पर JCECEB काउंसलिंग कराता है. 
•    काउंसलिंग के दौरान रैंक, श्रेणी, सीटों की उपलब्धता और कॉलेज की पसंद के आधार पर सीट आवंटित की जाती है. 
•    सीट आवंटित होने के बाद दस्तावेज सत्यापन, शुल्क जमा करने और मेडिकल फिटनेस जैसी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं.