CAREER

UPSC Prelims 2026 रिजल्ट का इंतजार होगा खत्म, जानिए लेटेस्ट अपडेट

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 (UPSC Prelims) में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थी अब अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं. यह परीक्षा 24 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने परीक्षा में भाग लिया. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, करीब 5.49 लाख अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे.

परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही उम्मीदवारों की नजरें परिणाम पर टिकी हुई हैं. अभ्यर्थी लगातार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देख रहे हैं और रिजल्ट जारी होने का इंतजार कर रहे हैं. उम्मीद लगाया जा रहा हैं की यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026 का परिणाम जल्द घोषित किया जा सकता है. हालांकि आयोग की ओर से अभी तक परिणाम जारी करने की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है.

रिजल्ट जारी होने के साथ ही आयोग कटऑफ अंक भी सार्वजनिक करेगा. इससे अभ्यर्थियों को यह समझने में मदद मिलेगी कि चयन के लिए न्यूनतम कितने अंक आवश्यक रहे हैं. कटऑफ सूची विभिन्न श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग जारी की जाएगी.

प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को सिविल सेवा परीक्षा के अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा. मुख्य परीक्षा यूपीएससी चयन प्रक्रिया का बेहद महत्वपूर्ण चरण माना जाता है. इसमें उम्मीदवारों के विषय ज्ञान, विश्लेषण क्षमता और लेखन कौशल का मूल्यांकन किया जाता है.

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. हर साल लाखों युवा भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय विदेश सेवा और अन्य केंद्रीय सेवाओं में चयनित होने का सपना लेकर इस परीक्षा में शामिल होते हैं. ऐसे में प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम उम्मीदवारों के लिए बेहद अहम माना जाता है.

उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परिणाम से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें. रिजल्ट जारी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा की तैयारी में पूरी तरह जुट जाना होगा, क्योंकि अगले चरण में प्रतिस्पर्धा और अधिक कठिन हो जाती है.