रांची (RANCHI): झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. राज्य सरकार ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से चार विभागों में होने वाली 836 लिपिक (क्लर्क) पदों की भर्ती प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है. कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने संबंधित अधियाचनाएं (Requisitions) वापस लेने का आदेश जारी कर दिया है, जिसके बाद जेएसएससी ने भी इन पदों पर आगे की नियुक्ति प्रक्रिया स्थगित कर दी है.
जानकारी के अनुसार, नगर विकास एवं आवास विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों में लिपिक के कुल 836 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए जेएसएससी को अधियाचना भेजी थी. इसी आधार पर आयोग ने भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ानी शुरू कर दी थी. हालांकि बाद में कार्मिक विभाग ने सभी संबंधित विभागों को अधियाचना वापस लेने का निर्देश दिया.
कार्मिक विभाग के निर्देश के बाद चारों विभागों ने अधियाचना वापस लेने पर अपनी सहमति दे दी. इसके बाद विभाग ने आधिकारिक तौर पर जेएसएससी को अधियाचना वापस लेने और भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया. इस फैसले के बाद फिलहाल इन पदों पर होने वाली नियुक्तियां स्थगित हो गई हैं. गौरतलब है कि इन पदों के लिए JSSC ने वर्ष 2023 और 2024 में विज्ञापन जारी किया था. हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन भी कर दिया था और आयोग प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करने की तैयारी में जुटा हुआ था. लेकिन इसी बीच राज्य सरकार ने नई लिपिकीय नियुक्ति नियमावली लागू करने का निर्णय लिया, जिसके बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई. सरकार का कहना है कि अब आगे की सभी नियुक्तियां नई नियमावली के तहत ही की जाएंगी.
नई व्यवस्था के तहत विभिन्न विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों में रिक्त लिपिक पदों की समेकित (एकीकृत) अधियाचना जेएसएससी को भेजी जाएगी. सूत्रों का कहना है कि इस प्रक्रिया में केवल इन चार विभागों के ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों के रिक्त पदों को भी शामिल किया जा सकता है. ऐसे में नई भर्ती में पदों की संख्या बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है. हालांकि, नई अधियाचना कब भेजी जाएगी, भर्ती प्रक्रिया दोबारा कब शुरू होगी, परीक्षा कब आयोजित होगी और परिणाम कब घोषित किए जाएंगे, इसे लेकर अभी तक सरकार या जेएसएससी की ओर से कोई आधिकारिक समय-सीमा जारी नहीं की गई है.
सरकार के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को फिलहाल बड़ा झटका लगा है. जिन उम्मीदवारों ने 2023 और 2024 के विज्ञापन के आधार पर आवेदन किया था, उन्हें अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करना होगा. फिलहाल सभी की निगाहें सरकार और जेएसएससी की अगली घोषणा पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सके कि नई नियमावली के तहत क्लर्क भर्ती कब से शुरू होगी और उम्मीदवारों को परीक्षा का अवसर कब मिलेगा.
