☰
CAREER

रांची के निजी स्कूलों में नामांकन की दौड़ शुरू, प्ले ग्रुप से 11वीं तक के लिए आवेदन जारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए निजी स्कूलों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों ने प्ले ग्रुप से लेकर 11वीं कक्षा तक में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म जारी कर दिए हैं. इसके साथ ही बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों की भागदौड़ भी शुरू हो गई है. इच्छुक अभिभावक संबंधित स्कूलों के कार्यालय से ऑफलाइन आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं. वहीं, कुछ स्कूलों ने अपनी वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है. अलग-अलग स्कूलों में आवेदन शुल्क 500 रुपये से लेकर 1,500 रुपये तक रखा गया है.

नामांकन को लेकर स्कूलों में पहुंच रहे अभिभावक
नये शैक्षणिक सत्र में बच्चों के दाखिले को लेकर अभिभावक अभी से स्कूलों की जानकारी जुटाने में लग गए हैं. कई अभिभावक स्कूलों के कार्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया, उपलब्ध सीटों, आवेदन की अंतिम तिथि और जरूरी दस्तावेजों के बारे में जानकारी ले रहे हैं. वहीं, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, फोटो और अन्य आवश्यक कागजात तैयार कराने का काम भी शुरू हो गया है. स्कूल प्रबंधन अपनी वेबसाइट और कार्यालयों के माध्यम से आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कर रहे हैं.

रांची के इन स्कूलों में शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
- सृजन वैली स्कूल, पिठौरिया: यहां प्री-नर्सरी, नर्सरी, केजी और कक्षा एक से आठवीं तक में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म उपलब्ध हैं. फॉर्म स्कूल कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है. आवेदन शुल्क 500 रुपये है.

- जी एंड एच हाई स्कूल, गेतलातू: बेबी प्री-नर्सरी से लेकर नौवीं कक्षा तक के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. फॉर्म स्कूल कार्यालय में मिलेंगे. आवेदन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित है.

- होली क्रॉस स्कूल, वर्द्धमान कंपाउंड: नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और पहली कक्षा में नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म जारी किए गए हैं. इच्छुक अभिभावक स्कूल कार्यालय से फॉर्म ले सकते हैं.

- कैथरीन एकेडमी, आरागेट: यहां नर्सरी से नौवीं कक्षा तक के लिए आवेदन फॉर्म मिल रहे हैं. स्कूल कार्यालय से सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक फॉर्म प्राप्त किया जा सकता है.

- बिशप्स स्कूल, ओल्ड एचबी रोड, बहुबाजार: नर्सरी से नौवीं और 11वीं कक्षा तक में नामांकन के लिए आवेदन उपलब्ध हैं. सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और शनिवार को सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक फॉर्म लिए जा सकते हैं. आवेदन शुल्क 1,500 रुपये है.

- फिरायालाल पब्लिक स्कूल: सत्र 2027-28 के लिए प्री-नर्सरी से नौवीं कक्षा तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं. आवेदन शुल्क 1,500 रुपये है.

- यूरो किड्स, मोरहाबादी और कांके रोड: प्ले ग्रुप से पहली कक्षा तक नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म उपलब्ध हैं. स्कूल से फॉर्म प्राप्त किया जा सकता है. आवेदन शुल्क 1,500 रुपये है.

- हिल टॉप पब्लिक स्कूल, बरियातू: बेबी प्री-नर्सरी से आठवीं कक्षा तक दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म जारी किए गए हैं. आवेदन शुल्क 700 रुपये है.

- वी वर्ल्ड प्ले स्कूल, बरियातू और कांके रोड: प्ले ग्रुप से यूकेजी तक नामांकन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं. फॉर्म स्कूल कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं. आवेदन शुल्क 500 रुपये है.

- स्टेप बाइ स्टेप स्कूल, बरियातू: यहां प्ले ग्रुप, नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी, पहली और दूसरी कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है. आवेदन फॉर्म स्कूल कार्यालय में उपलब्ध हैं.

- गुरुकुल वर्ल्ड प्ले स्कूल, मोरहाबादी और लालपुर: प्ले ग्रुप, प्री-नर्सरी, नर्सरी और केजी में नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म जारी किए गए हैं. अभिभावक स्कूल कार्यालय से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं.

- आरटीसी पब्लिक स्कूल, अनगड़ा: नर्सरी से नौवीं कक्षा तक नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म उपलब्ध हैं. आवेदन शुल्क 800 रुपये रखा गया है.

- चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल, होचर, कांके: प्री-नर्सरी से नौवीं कक्षा तक के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है. अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं. फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है. आवेदन शुल्क 1,500 रुपये निर्धारित किया गया है.

- चिरंजीवी ग्रुप ऑफ प्ले स्कूल की सभी शाखाएं: प्ले ग्रुप, प्री-नर्सरी, नर्सरी, प्रेप और पहली कक्षा में नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है. आवेदन शुल्क 1,000 रुपये है.