☰
CAREER

Navodaya Admission 2027: बिना फीस मिलेगा एडमिशन, 31 जुलाई से पहले भरें फॉर्म

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): अगर आप अपने बच्चे का दाखिला देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में कराना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), मेसरा ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. इच्छुक और पात्र छात्र 31 जुलाई 2026 तक बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल जवाहर नवोदय विद्यालय समिति के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी परेशानी से बचा जा सके.

जवाहर नवोदय विद्यालय समिति के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और आवेदन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक जानकारी सही ढंग से भरनी होगी. निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. विद्यालय प्रशासन ने बताया कि चयन परीक्षा से जुड़ी पात्रता, आयु सीमा, आवश्यक दस्तावेज, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण निर्देश आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध प्रॉस्पेक्टस में विस्तार से दिए गए हैं. अभिभावकों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले प्रॉस्पेक्टस को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो.

जवाहर नवोदय विद्यालय देशभर में गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जाना जाता है. यहां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ आवास, भोजन, पुस्तकें और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं. यही वजह है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र इस प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लेते हैं. ऐसे में यदि आपका बच्चा भी कक्षा 6 में नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेना चाहता है, तो 31 जुलाई 2026 से पहले ऑनलाइन आवेदन करना न भूलें. समय पर आवेदन कर आप अपने बच्चे को देश के प्रतिष्ठित विद्यालय में पढ़ाई का अवसर दिला सकते हैं.