CAREER

ISRO में निकली बंपर भर्ती, ₹44,900 से ज्यादा होगी शुरुआती सैलरी, 30 जून से शुरू होंगे आवेदन

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
ISRO में निकली बंपर भर्ती, ₹44,900 से ज्यादा होगी शुरुआती सैलरी, 30 जून से शुरू होंगे आवेदन

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है. इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) के ISTRAC (ISRO Telemetry, Tracking and Command Network) ने ग्रुप 'B' और ग्रुप 'C' के विभिन्न पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 20 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. परीक्षा की तिथि फिलहाल घोषित नहीं की गई है और इसकी जानकारी बाद में जारी की जाएगी.

इस भर्ती अभियान के तहत टेक्निकल असिस्टेंट, साइंटिफिक असिस्टेंट, लाइब्रेरी असिस्टेंट-ए, टेक्नीशियन-बी, ड्राफ्ट्समैन-बी और कुक-ए के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है. टेक्नीशियन-बी के लिए संबंधित ट्रेड में ITI प्रमाणपत्र, टेक्निकल असिस्टेंट के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग डिप्लोमा, साइंटिफिक असिस्टेंट के लिए प्रथम श्रेणी के साथ B.Sc., लाइब्रेरी असिस्टेंट-ए के लिए लाइब्रेरी साइंस में मास्टर डिग्री और कुक-ए के लिए संबंधित क्षेत्र का अनुभव अनिवार्य रखा गया है.

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 20 जुलाई 2026 के आधार पर होगी. वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा.

आवेदन शुल्क की बात करें तो टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 750 रुपये शुल्क जमा करना होगा. हालांकि, CBT परीक्षा में शामिल होने के बाद UR, OBC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये वापस कर दिए जाएंगे, जबकि SC, ST, PwBD और महिला उम्मीदवारों को पूरी फीस रिफंड कर दी जाएगी. वहीं टेक्नीशियन पद के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है. इसमें सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने पर 400 रुपये वापस मिलेंगे, जबकि आरक्षित वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को पूरी फीस लौटाई जाएगी.

वेतन की बात करें तो टेक्निकल असिस्टेंट, साइंटिफिक असिस्टेंट और लाइब्रेरी असिस्टेंट-ए को लेवल-7 के तहत 44,900 रुपये प्रति माह शुरुआती वेतन के साथ अन्य सरकारी भत्ते मिलेंगे. वहीं टेक्नीशियन-बी और ड्राफ्ट्समैन-बी को 21,700 रुपये प्रति माह तथा कुक-ए को 19,900 रुपये प्रति माह शुरुआती वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी.

इच्छुक उम्मीदवार आवेदन के लिए ISRO की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर जाकर ISTRAC Recruitment 2026 लिंक के माध्यम से पहले रजिस्ट्रेशन करें, फिर आवेदन फॉर्म भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें, ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें और अंत में आवेदन पत्र सबमिट कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें. ISRO जैसी प्रतिष्ठित संस्था में सरकारी नौकरी पाने का यह बेहतरीन मौका है, इसलिए उम्मीदवार अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.