CAREER

IBPS Clerk Recruitment 2026: 11,403 पदों पर भर्ती का मौका, आवेदन की बढ़ी डेडलाइन, जानें नई तारीख

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन यानी IBPS ने Clerk CSA 16वीं भर्ती परीक्षा 2026 के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है. अब इच्छुक उम्मीदवार 28 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. पहले आवेदन की आखिरी तारीख 21 अगस्त निर्धारित की गई थी. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 11,403 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. IBPS ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी कर आवेदन की समयसीमा बढ़ाए जाने की जानकारी दी है. आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी. हालांकि, आवेदन में सुधार और परीक्षा की तारीख से संबंधित जानकारी अभी अलग से जारी नहीं की गई है.

जो उम्मीदवार अब तक किसी वजह से आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके पास मौका है. उम्मीदवार 28 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से जांच लेने की सलाह दी जाती है. वहीं आवेदन शुल्क की बात करें तो General, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं SC, ST, ESM, DESM और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये रखा गया है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है.

कौन कर सकता है आवेदन?
IBPS Clerk CSA भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा कंप्यूटर का ज्ञान भी जरूरी है. इसके लिए कंप्यूटर ऑपरेशन या कंप्यूटर से जुड़ा सर्टिफिकेट, डिप्लोमा या डिग्री मान्य होगी.

कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा देनी होगी. इसमें सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए योग्य होंगे. आगे की चयन प्रक्रिया भर्ती के आधिकारिक नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी, जिसमें आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी शामिल होगा. ऐसे में बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए 28 अगस्त की नई डेडलाइन बेहद अहम है.