CAREER

Home Guard Vacancy 2026: 7वीं-10वीं पास के लिए सुनहरा मौका, 772 पदों पर निकली भर्ती, जानिए आवेदन की आखरी तारीख

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): अगर आप भी सरकारी नौकरी की तलाश में हैं पर कम पढ़ा-लिखा होना आपकी बाधा बन रह है तो यह खबर आपके बड़े काम की है. दरअसल सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे कम पढ़े-लिखे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. झारखंड सरकार ने देवघर जिले में होम गार्ड के 772 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. योग्य और इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 26 सितंबर 2026 तय की गई है. अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए देवघर जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट deoghar.nic.in या झारखंड सरकार के भर्ती पोर्टल recruitment.jharkhand.gov.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं.

देवघर होम गार्ड भर्ती में ग्रामीण क्षेत्र के पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का 7वीं कक्षा पास होना जरूरी है. वहीं, शहरी क्षेत्र के पदों के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य है. उम्र की बात करें तो 1 जनवरी 2026 को अभ्यर्थी की न्यूनतम उम्र 19 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी.

भर्ती में शामिल होने वाले पुरुष उम्मीदवारों के लिए वर्ग के अनुसार न्यूनतम लंबाई और सीने की माप निर्धारित की गई है. सामान्य, ओबीसी और बीसी वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 162 सेंटीमीटर और सीना 79 सेंटीमीटर होना चाहिए. वहीं, एससी और एसटी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 157 सेंटीमीटर और सीना 76 सेंटीमीटर निर्धारित है. सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 148 सेंटीमीटर रखी गई है.

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
देवघर होम गार्ड भर्ती के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है. आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले recruitment.jharkhand.gov.in पर जाना होगा. इसके बाद होम पेज पर दिए गए रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक कर मांगी गई जानकारी भरकर पंजीकरण करना होगा. रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी. इसके बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा. सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर देना होगा.

सभी वर्गों के लिए ₹100 आवेदन शुल्क
देवघर होम गार्ड भर्ती में आवेदन करने वाले सभी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है. अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें और योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मापदंड समेत अन्य सभी शर्तों की जानकारी जरूर जांच लें.