CAREER

RIMS में नौकरी का शानदार मौका! 53 पदों पर कल होगा वॉक-इन इंटरव्यू, जानें योग्यता और पूरी डिटेल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड के युवाओं के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में नौकरी पाने का अच्छा मौका है. राजधानी रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) ने विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. स्वास्थ्य योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से कुल 53 पदों पर अनुबंध के आधार पर नियुक्ति की जाएगी. खास बात यह है कि इन पदों के लिए अलग से लंबी ऑनलाइन प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना होगा. योग्य अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले वॉक-इन इंटरव्यू में सीधे शामिल हो सकते हैं.

RIMS में 53 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती के तहत तीन अलग-अलग पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. इनमें ऑपरेशनल मैनेजर-हेल्थ इंश्योरेंस, फ्लोर को-ऑर्डिनेटर और आरोग्य मित्र के पद शामिल हैं.
ऑपरेशनल मैनेजर-हेल्थ इंश्योरेंस: इस पद के लिए एक रिक्ति है. चयनित उम्मीदवार को 75 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा.
फ्लोर को-ऑर्डिनेटर: इस पद पर कुल 12 नियुक्तियां होंगी. इनमें अनारक्षित वर्ग के 5, एसटी के 3, एससी के 1, बीसी-I के 1, बीसी-II के 1 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 1 पद शामिल हैं. चयनित अभ्यर्थियों को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा.
आरोग्य मित्र: इस पद के लिए सबसे अधिक 40 रिक्तियां हैं. इसमें चयनित अभ्यर्थियों को मासिक वेतन के बजाय प्रति सफल केस 120 रुपये के आधार पर भुगतान किया जाएगा.

किस पद के लिए क्या योग्यता?
ऑपरेशनल मैनेजर पद के लिए उम्मीदवार के पास हेल्थकेयर में MBA या हेल्थ से संबंधित मास्टर डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ सरकारी स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम को लागू करने का कम से कम 5 साल का अनुभव भी जरूरी है. फ्लोर को-ऑर्डिनेटर पद के लिए किसी भी विषय से स्नातक होना अनिवार्य है. उम्मीदवार के पास सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रम या स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में मैनेजर के तौर पर कम से कम 2 साल का अनुभव होना चाहिए. साथ ही न्यूनतम एक वर्ष का कंप्यूटर ऑपरेशन सर्टिफिकेट कोर्स भी आवश्यक है. वहीं, आरोग्य मित्र पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. इसके अलावा छह महीने का DCA सर्टिफिकेट भी मांगा गया है. आरोग्य मित्र के तौर पर पहले काम कर चुके उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. सभी पदों के लिए हिंदी और अंग्रेजी में बेहतर संवाद क्षमता के साथ कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान भी जरूरी है.

भर्ती में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है. एसटी और एससी वर्ग के लिए यह सीमा 45 वर्ष, जबकि बीसी-I और बीसी-II वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष रखी गई है. सरकारी कर्मचारियों और महिला उम्मीदवारों को झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

31 अगस्त को होगा वॉक-इन इंटरव्यू
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 को RIMS में होने वाले वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं. साक्षात्कार RIMS निदेशक के कार्यालय, रांची में आयोजित किया जाएगा. उम्मीदवारों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित है. अभ्यर्थियों को सलाह है कि इंटरव्यू में शामिल होने से पहले भर्ती से संबंधित आधिकारिक शर्तों, जरूरी दस्तावेजों और पात्रता मानदंड की अच्छी तरह जांच कर लें. यह भर्ती झारखंड सरकार के अधीन स्वायत्त संस्थान RIMS में अनुबंध के आधार पर की जा रही है.