CAREER

जानिए रांची के उस लग्जरी स्कूल के बारे में, जहां पढ़ाई के साथ बनती है पर्सनैलिटी

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
जानिए रांची के उस लग्जरी स्कूल के बारे में, जहां पढ़ाई के साथ बनती है पर्सनैलिटी

रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रही है. यहां कई ऐसे प्रतिष्ठित स्कूल हैं, जहां देश के नामचीन उद्योगपतियों, वरिष्ठ अधिकारियों, राजनेताओं और चर्चित हस्तियों के बच्चे पढ़ाई करते हैं. इन्हीं में एक नाम है टॉरियन वर्ल्ड स्कूल, जिसने अपनी आधुनिक शिक्षा प्रणाली, विश्वस्तरीय सुविधाओं और समग्र व्यक्तित्व विकास के कारण अलग पहचान बनाई है. खूंटी रोड पर स्थित यह स्कूल सिर्फ अकादमिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां छात्रों को नेतृत्व, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ भविष्य के लिए तैयार किया जाता है. यही वजह है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा धोनी भी इसी स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं.

35 एकड़ में फैला आधुनिक कैंपस
रांची-खूंटी मार्ग पर स्थित टॉरियन वर्ल्ड स्कूल लगभग 35 एकड़ में फैला एक आधुनिक आवासीय एवं डे-स्कूल कैंपस है. इसकी स्थापना वर्ष 2008 में युवा शिक्षाविद अमित बाजवा ने की थी. अमित बाजवा ने London School of Economics (LSE) से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बदलाव लाने के उद्देश्य से इस संस्थान की शुरुआत की थी. उनका मानना है कि बदलती दुनिया में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्रों को जीवन के हर क्षेत्र के लिए तैयार करना भी जरूरी है.

सिर्फ पढ़ाई नहीं, व्यक्तित्व विकास पर भी पूरा फोकस
स्कूल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी होलिस्टिक एजुकेशन यानी समग्र शिक्षा प्रणाली है. यहां छात्रों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उनकी सोच, व्यवहार और व्यक्तित्व को भी विकसित किया जाता है. स्कूल की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शिक्षकों का विशेष ध्यान इस बात पर रहता है कि छात्र आत्मविश्वास के साथ बोलना, बैठना, चलना और दूसरों के साथ संवाद करना सीखें. इसके अलावा खेल, संगीत, कला, नृत्य, वाद-विवाद, थिएटर और विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक क्षमता को भी निखारा जाता है. स्कूल का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करना है, जो केवल परीक्षा में अच्छे अंक ही न लाएं, बल्कि जीवन की चुनौतियों का भी आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें.

विश्वस्तरीय सुविधाएं और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था
टॉरियन वर्ल्ड स्कूल का पूरा कैंपस सेंट्रल एयर कंडीशनिंग (Central AC) से लैस है. छात्रों की सुविधा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाता है. स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर की व्यवस्था भी की गई है. भोजन की गुणवत्ता पर विशेष फोकस रहता है. नाश्ते में बच्चों को स्ट्रॉबेरी, कीवी जैसे विदेशी फल सहित पौष्टिक खाद्य पदार्थ दिए जाते हैं. वहीं दोपहर और रात के भोजन में संतुलित और पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराया जाता है, ताकि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में कोई कमी न रहे.

फीस और सुविधाएं क्या हैं?
स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, एलकेजी से कक्षा आठवीं तक की वार्षिक फीस लगभग 4.40 लाख रुपये है. वहीं कक्षा नौवीं से बारहवीं तक पढ़ने वाले छात्रों के लिए यह फीस करीब 4.80 लाख रुपये प्रति वर्ष निर्धारित है. इस शुल्क में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि कई अन्य सुविधाएं भी शामिल हैं. छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म, विंटर यूनिफॉर्म, स्पोर्ट्स ड्रेस, स्टेशनरी, पाठ्यपुस्तकें और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है. इस तरह अभिभावकों को अलग से इन चीजों पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ता. आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुभवी शिक्षकों, वैश्विक स्तर की सुविधाओं और व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर के कारण टॉरियन वर्ल्ड स्कूल आज झारखंड के सबसे प्रतिष्ठित निजी स्कूलों में गिना जाता है. यही वजह है कि राज्य ही नहीं, देश के कई प्रतिष्ठित परिवार अपने बच्चों की शिक्षा के लिए इस संस्थान को प्राथमिकता देते हैं.