CAREER

Re-NEET UG 2026 Result Out: री-नीट के नतीजे घोषित, 700 से ज्यादा अंक लाने वाले 19 छात्र

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने देर रात नीट यूजी री-एग्जाम 2026 का रिजल्ट आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है. इस रि-एग्जाम के परिणाम जारी होने के बाद अब देश के शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए मेडिकल दाखिले का रास्ता साफ हो गया है. इसके तहत देशभर के कुल 823 मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेजों की 1,36,939 MBBS सीटों पर काउंसलिंग और प्रवेश की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने जा रही है.

आपको बता दें, इस बार परीक्षा में शामिल हुए कुल उम्मीदवारों में से 58 प्रतिशत से अधिक यानी लगभग 11 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने क्वालिफाई किया है. एनटीए द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस री-एग्जाम में केवल 19 अभ्यर्थी ही ऐसे हैं जिन्होंने 720 में से 700 से अधिक अंकों का शानदार स्कोर हासिल किया है. इसके अलावा, 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 छात्रों ने 600 या उससे अधिक और लगभग 90,780 अभ्यर्थियों ने 500 या उससे ज्यादा अंक प्राप्त कर अपनी जगह बनाई है.

गौरतलब है कि मेडिकल कोर्सेज में दाखिले के लिए मुख्य नीट परीक्षा का आयोजन पहले 3 मई 2026 को किया गया था. हालांकि, पेपर लीक और अन्य गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के बाद सरकार को इस परीक्षा को रद्द करना पड़ा था. इसके बाद, छात्रों को न्याय दिलाने के लिए 21 जून 2026 को दोबारा नीट यूजी परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न केंद्रों पर 20 लाख से अधिक मेडिकल एस्पिरेंट्स शामिल हुए थे. परिणाम जारी होने के बाद अब छात्र सीधे लिंक पर जाकर अपना स्कोर देख सकते हैं.