CAREER

NEET UG 2026: NTA ने शुरू की फीस रिफंड प्रक्रिया, 30 जून तक अपडेट करें बैंक डिटेल्स, नहीं तो अटक सकता है पैसा

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
NEET UG 2026: NTA ने शुरू की फीस रिफंड प्रक्रिया, 30 जून तक अपडेट करें बैंक डिटेल्स, नहीं तो अटक सकता है पैसा

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा शुल्क वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए एजेंसी ने एक ऑनलाइन पोर्टल सक्रिय किया है, जहां उम्मीदवार अपने बैंक खाते की जानकारी दर्ज या अपडेट कर सकते हैं. जिन अभ्यर्थियों ने 21 जून 2026 को आयोजित NEET UG री-एग्जाम में हिस्सा लिया था, वे तय समय सीमा के भीतर अपनी बैंक डिटेल्स सत्यापित कर फीस रिफंड की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

NTA ने स्पष्ट किया है कि बैंक अकाउंट की जानकारी अपडेट करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 रात 11:55 बजे निर्धारित की गई है. इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी तरह का संशोधन या नई जानकारी स्वीकार नहीं की जाएगी. ऐसे में पात्र उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी जानकारी अपडेट कर दें.

बताते चलें कि यह सुविधा केवल उन अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध है जिन्होंने 21 जून 2026 को आयोजित NEET UG री-एग्जाम दिया था. एजेंसी इन्हीं उम्मीदवारों को पहले आयोजित परीक्षा के लिए जमा किए गए शुल्क की वापसी करेगी. अन्य उम्मीदवार इस पोर्टल के माध्यम से बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं कर सकते.

ऐसे करें बैंक अकाउंट अपडेट
फीस रिफंड पाने के लिए उम्मीदवारों को कुछ आसान चरणों का पालन करना होगा
•    NEET की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं. 
•    Application Number और Password की मदद से लॉगिन करें. 
•    रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भेजे गए OTP से सत्यापन पूरा करें. 
•    अपने बैंक खाते की जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें या जरूरत होने पर अपडेट करें. 
•    सभी विवरण जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें. 

उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि बैंक अकाउंट नंबर, IFSC Code और खाताधारक का नाम दर्ज करते समय किसी भी प्रकार की गलती न करें, क्योंकि गलत जानकारी होने पर रिफंड मिलने में देरी हो सकती है.

3 मई की परीक्षा रद्द होने के बाद लिया गया फैसला
गौरतलब है कि NEET UG 2026 की परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया. इसके बाद NTA ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित कराई. री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से दोबारा कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया गया था. एजेंसी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि रद्द हुई परीक्षा के लिए जमा की गई फीस पात्र उम्मीदवारों को वापस की जाएगी. इसी घोषणा के तहत अब बैंक डिटेल्स अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. NTA ने सभी पात्र उम्मीदवारों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपनी बैंक जानकारी अपडेट कर रिफंड प्रक्रिया को समय पर पूरा करें.