CAREER

NEET UG 2026: परीक्षा से पहले NMC का नया निर्देश, मेडिकल छात्रों को 20-21 जून को नहीं मिलेगी छुट्टी

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
NEET UG 2026: परीक्षा से पहले NMC का नया निर्देश, मेडिकल छात्रों को 20-21 जून को नहीं मिलेगी छुट्टी

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने देशभर के मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है. आयोग ने 20 और 21 जून को मेडिकल छात्रों को छुट्टी नहीं देने की सलाह दी है. NMC का कहना है कि केवल आपातकालीन परिस्थितियों और वैध कारणों की स्थिति में ही अवकाश स्वीकृत किया जाए.

आयोग के अनुसार यह कदम NEET UG री-एग्जाम की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है. NMC ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से छात्रों की उपस्थिति पर विशेष नजर रखने और अनावश्यक अवकाश आवेदन स्वीकृत नहीं करने को कहा है. साथ ही छात्रों को परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की अनुचित या संदिग्ध गतिविधियों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है.

गौरतलब है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) 21 जून 2026 को NEET UG री-एग्जाम आयोजित करने जा रही है. परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. NTA ने भी अभ्यर्थियों से अफवाहों से बचने और अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है.

इससे पहले NEET UG री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं. NTA के अनुसार 16 जून तक करीब 10 लाख अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके थे. शुरुआत में सर्वर स्लो होने और तकनीकी दिक्कतों के कारण कई उम्मीदवारों को परेशानी हुई थी, लेकिन बाद में एजेंसी ने इन समस्याओं का समाधान कर दिया. अब अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य जरूरी निर्देशों की अच्छी तरह जांच कर समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें.