CAREER

NEET Re-Exam 2026: एडमिट कार्ड को लेकर बड़ी राहत, बिना बैंक डिटेल्स भी कर सकेंगे डाउनलोड, जानिए प्रोसेस

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
NEET Re-Exam 2026: एडमिट कार्ड को लेकर बड़ी राहत, बिना बैंक डिटेल्स भी कर सकेंगे डाउनलोड, जानिए प्रोसेस

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): NEET-UG री-एग्जाम 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में आ रही परेशानियों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट कर दिया है कि अब उम्मीदवार बिना बैंक डिटेल्स दर्ज किए भी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी जानकारी साझा करते हुए अभ्यर्थियों से जल्द से जल्द एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की अपील की है.

NTA ने कहा है कि बैंक खाते की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले उम्मीदवारों को भी अब एडमिट कार्ड प्राप्त करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी. हालांकि, बैंक डिटेल्स बाद में जमा की जा सकती हैं और इससे परीक्षा शुल्क रिफंड प्रक्रिया के लिए पात्रता पर कोई असर नहीं पड़ेगा. एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय, परीक्षा तिथि और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें, क्योंकि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा.

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को NEET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर NEET (UG) 2026 Admit Card लिंक पर क्लिक करना होगा. इसके बाद आवेदन संख्या, पासवर्ड या जन्मतिथि और कैप्चा कोड दर्ज कर लॉगिन करना होगा. लॉगिन के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकालना जरूरी है. परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र भी साथ ले जाना होगा.

गौरतलब है कि अब तक बैंक डिटेल्स इसलिए मांगी जा रही थीं ताकि फीस रिफंड की प्रक्रिया सीधे उम्मीदवारों के बैंक खाते में पूरी की जा सके. लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड में हो रही असुविधा को देखते हुए NTA ने यह सुविधा प्रदान की है, जिससे उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.