CAREER

CBSE 12वीं के छात्रों के लिए बड़ा अपडेट: री-इवैल्युएशन प्रक्रिया शुरू, जानिए पूरी डीटेल

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
CBSE 12वीं के छात्रों के लिए बड़ा अपडेट: री-इवैल्युएशन प्रक्रिया शुरू, जानिए पूरी डीटेल

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जो छात्र अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे अब अपने उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच और री-इवैल्युएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए बोर्ड ने ऑनलाइन पोर्टल सक्रिय कर दिया है, जहां छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा कर सकते हैं.

इस वर्ष सीबीएसई ने री-इवैल्युएशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और केंद्रित बनाने के लिए प्रति प्रश्न शुल्क की व्यवस्था लागू की है. अब छात्र केवल उन्हीं सवालों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिनमें उन्हें मूल्यांकन संबंधी त्रुटि की आशंका है. आवेदन के दौरान छात्रों को संबंधित प्रश्नों का चयन करना होगा और बोर्ड की निर्धारित मार्किंग स्कीम के आधार पर अपनी आपत्ति दर्ज करनी होगी.

री-इवैल्युएशन और वेरिफिकेशन के लिए कितनी देनी होगी फीस?
यदि कोई छात्र केवल अपने कुल अंकों की पुनर्गणना (Verification of Marks) कराना चाहता है, तो उसे प्रति उत्तरपुस्तिका 500 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं, किसी विशेष प्रश्न के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है. सभी भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे.

आवेदन की प्रक्रिया
री-इवैल्युएशन या मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए छात्र सीबीएसई के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
•    आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करें.
•    पोस्ट रिजल्ट सर्विसेज या री-इवैल्युएशन सेक्शन का चयन करें.
•    रोल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज कर लॉगिन करें.
•    संबंधित विषय की उत्तरपुस्तिका के लिए आवेदन करें.
•    निर्धारित शुल्क का भुगतान करें.
•    आवेदन सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखें.

आवेदन से पहले यह जानना जरूरी
सीबीएसई के नियमों के अनुसार केवल वही छात्र री-इवैल्युएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने पहले अपनी उत्तरपुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त की हो. बिना स्कैन कॉपी देखे सीधे पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की अनुमति नहीं है. इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे उत्तरपुस्तिका का सावधानीपूर्वक निरीक्षण करें और किसी भी संभावित त्रुटि की पहचान के बाद ही निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करें.