CAREER

JPSC Forest Range Officer Result 2026: 743 अभ्यर्थी सफल, अब 22 जुलाई से होगा फिजिकल टेस्ट

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (Forest Range Officer) मुख्य परीक्षा-2026 का परिणाम जारी कर दिया है. आयोग द्वारा घोषित रिजल्ट में 743 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है. अब ये सभी उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया के अगले और अहम चरण शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test) में शामिल होंगे. जेपीएससी के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट 22, 23, 24 और 25 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा. परीक्षा केंद्र, अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग तिथि और अन्य विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द ही आयोग की ओर से जारी किए जाएंगे.

फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत जुलाई 2024 में हुई थी. इसके तहत प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) 29 जून 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 14 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया था. परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर बायोमेट्रिक उपस्थिति को लेकर विवाद भी सामने आया था. इसके बाद आयोग ने मॉडल उत्तर कुंजी जारी कर अभ्यर्थियों की आपत्तियों का निस्तारण किया और 5 दिसंबर 2025 को पीटी का परिणाम घोषित किया. उस परीक्षा में 2,405 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए थे. मुख्य परीक्षा 22 और 24 जनवरी 2026 को आयोजित हुई थी. यह परीक्षा 550 अंकों की थी. इसके बाद चयन प्रक्रिया में 50 अंकों का साक्षात्कार (इंटरव्यू) भी शामिल होगा, जिसके आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी.

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 170 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें 79 अनारक्षित, 1 अनुसूचित जाति (SC), 47 अनुसूचित जनजाति (ST), 15 बीसी-1, 12 बीसी-2 और 16 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं. मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा. पुरुष अभ्यर्थियों के लिए एसटी वर्ग में न्यूनतम लंबाई 152.5 सेंटीमीटर और अन्य वर्गों के लिए 163 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है. वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए एसटी वर्ग में 145 सेंटीमीटर और अन्य वर्गों के लिए 150 सेंटीमीटर लंबाई अनिवार्य होगी.

इसके अलावा पुरुष उम्मीदवारों को 4 घंटे में 25 किलोमीटर और महिला उम्मीदवारों को 4 घंटे में 14 किलोमीटर पैदल चलने की परीक्षा भी पास करनी होगी. इस चरण में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी.