रांची (RANCHI): झारखंड संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा (JPSC) 2026 के परिणाम का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है. झारखंड हाईकोर्ट ने परीक्षा परिणाम जारी करने पर लगी रोक हटा दी है, जिससे अब झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) जल्द ही रिजल्ट घोषित कर सकता है. जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने उम्र सीमा से जुड़े विवाद पर सुनवाई पूरी करने के बाद यह महत्वपूर्ण आदेश दिया.
उम्र सीमा को लेकर क्या था विवाद?
मामला परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित आयु सीमा की कट-ऑफ तिथि से जुड़ा था. याचिकाकर्ता ने अदालत से आग्रह किया था कि विज्ञापन में तय 1 अगस्त 2025 की कट-ऑफ तिथि को बदलकर 1 अगस्त 2018 किया जाए, ताकि अधिक अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सके. मामले की शुरुआती सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कुछ अभ्यर्थियों को अंतरिम राहत देते हुए उनके आवेदन ऑफलाइन स्वीकार करने और उन्हें प्रारंभिक परीक्षा में बैठने की अनुमति दी थी. हालांकि, उनके परिणामों के प्रकाशन पर रोक लगा दी गई थी.
2022 की कट-ऑफ को हाईकोर्ट की मंजूरी
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए उम्र सीमा में विशेष छूट देने का निर्णय लिया गया है और इसके लिए 2022 को कट-ऑफ वर्ष निर्धारित किया गया है. जेपीएससी की ओर से अदालत में यह भी स्पष्ट किया गया कि आयु सीमा में छूट देने का अधिकार आयोग के पास नहीं, बल्कि राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है. सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के फैसले को सही ठहराते हुए 2022 की कट-ऑफ को वैध माना. अदालत ने निर्देश दिया कि परीक्षा परिणाम में केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को शामिल किया जाए, जो वर्ष 2022 की आयु सीमा के अनुरूप पात्र हैं.
अदालत के इस फैसले के बाद उन अभ्यर्थियों को राहत नहीं मिल सकी, जो वर्ष 2018 की कट-ऑफ लागू होने पर पात्र हो सकते थे, लेकिन 2022 की निर्धारित आयु सीमा के अनुसार अयोग्य हो गए. सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पात्र अभ्यर्थियों की सूची भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत की गई. मामले की सुनवाई के दौरान झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संजय पिपरवाल और प्रिंस कुमार ने अदालत में आयोग का पक्ष रखा. हाईकोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब JPSC के परीक्षा परिणाम जारी होने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है.
