CAREER

CUET UG 2026 Result Out: जानिए कैसे चेक कर सकते हैं रिजल्ट

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
CUET UG 2026 Result Out: जानिए कैसे चेक कर सकते हैं रिजल्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. CUET UG देश की प्रमुख केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है.

इस वर्ष CUET UG 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 जनवरी से शुरू हुई थी. अभ्यर्थियों को 4 फरवरी तक आवेदन का मौका दिया गया था. बाद में एनटीए ने आवेदन विंडो दोबारा खोलते हुए 23 से 26 फरवरी तक नए आवेदन स्वीकार किए थे. परीक्षा का आयोजन 11 मई से 31 मई 2026 के बीच देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया. वहीं कुछ उम्मीदवारों के लिए पुनर्निर्धारित परीक्षा 6 और 7 जून को आयोजित हुई थी. परीक्षा के बाद एनटीए ने 9 जून को प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी, जिस पर उम्मीदवारों से आपत्तियां मांगी गई थीं. सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद 21 जून को फाइनल आंसर-की प्रकाशित की गई और अब रिजल्ट जारी कर दिया गया है.

ऐसे चेक करें CUET UG 2026 का रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले CUET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद होमपेज पर दिखाई दे रहे “CUET UG Result 2026” लिंक पर क्लिक करें. यहां अपना एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड या जन्मतिथि दर्ज करें. सिक्योरिटी पिन भरकर लॉगिन करते ही स्कोरकार्ड स्क्रीन पर खुल जाएगा. उम्मीदवार अपने विषयवार अंक, पर्सेंटाइल और अन्य जानकारियों की जांच कर सकते हैं. भविष्य की जरूरत के लिए स्कोरकार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना बेहतर होगा.

CUET UG के माध्यम से देश की कई प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश मिलता है. इनमें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), जामिया मिल्लिया इस्लामिया, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU), हैदराबाद विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, विश्व भारती विश्वविद्यालय समेत दर्जनों केंद्रीय विश्वविद्यालय शामिल हैं.