☰
BUSINESS

शादी के सीजन में महंगाई की मार, रसोई से लेकर मेहमाननवाजी तक बढ़ा खर्च

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): शादी का सीजन शुरू हो चुका है. ऐसे में घरों में तैयारियां जोरों-शोरों से है तो वही बाजार भी गुलजार है. ऐसे में एक तरफ जब सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट आने से शादी वाले घरों के लोगों को थोड़ी सी राहत मिली है लेकिन वही दूसरी तरफ रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों ने चिंता बढ़ा दी है. यानी शादी में मेहमानों की खातिरदारी से लेकर दावत और नाश्ते की तैयारी तक हर जगह राशन और खाने-पीने की सामग्री की जरूरत पड़ती है. ऐसे में अगर राशन ही महंगा हो जाएगा तो फिर लोगों को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में परिवारों के लिए शादी का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है. दरअसल, रांची के खुदरा बाजार की बात करे तो  सरसों तेल, दलहन, चावल और मसालों के बाद अब दूध, दही और पनीर की कीमतों में भी तेजी देखने को मिल रही है. इसका सीधा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके घरों में शादी या कोई विशेष कार्यक्रम होने वाले हैं.

सरसों तेल की कीमतों में सबसे ज्यादा उछाल

खुदरा बाजार में सरसों तेल की कीमत बढ़कर 228 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है. वहीं, इंजन ब्रांड तेल की कीमत 250 रुपये प्रति लीटर के पार हो गई है. कारोबारियों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले की तुलना में सरसों तेल की कीमतों में 30 से 40 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. शादी-विवाह में बड़े पैमाने पर खाना बनाने के लिए तेल की खपत अधिक होती है. ऐसे में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे शादी के खाने के बजट पर पड़ रहा है.

वहीं चावल की कीमतों में भी आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि आटे के भाव में प्रति किलो दो से पांच रुपये तक का इजाफा हुआ है. मसालों में हल्दी भी महंगी हो गई है. इसकी कीमत करीब 30 से 40 रुपये बढ़कर 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. इसके अलावा दालों की कीमतों में भी तेजी का असर बाजार में खरीदारी पर दिखाई दे रहा है. ऐसे में शादी में एक साथ बड़ी मात्रा में राशन खरीदने वाले परिवारों को अब पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. जिन घरों में कई दिनों तक मेहमानों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था करनी है, वहां यह बढ़ोतरी और ज्यादा परेशानी पैदा कर रही है.

दूध-दही और पनीर ने भी बढ़ाई चिंता

शादी के मौसम में दूध और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है. मिठाई, खीर, नाश्ता, पनीर की सब्जी और अन्य व्यंजनों की तैयारी में इनका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर होता है. ऐसे में दूध, दही और पनीर की कीमतों में बढ़ोतरी ने शादी का बजट और बढ़ा दिया है. बाजार में अमूल दूध की कीमत 64 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 67 से 68 रुपये तक पहुंच गई है. वहीं, दही की कीमत में भी करीब सात रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 380 ग्राम दही का पैकेट 37 रुपये और एक किलो का पैकेट 85 रुपये में बिक रहा है.पनीर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. अमूल का 200 ग्राम पनीर पैकेट पहले 92 रुपये में मिलता था, जो अब बढ़कर 99 रुपये हो गया है. वहीं, इसी वजन में सुधा का पनीर 95 रुपये और मेधा का पनीर 90 रुपये में उपलब्ध है. शादी के भोज में पनीर की सब्जी और अन्य व्यंजनों की मांग अधिक रहती है. ऐसे में डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी से कैटरिंग और घरेलू रसोई दोनों का खर्च बढ़ रहा है.

शादी में मेहमानों की खातिरदारी पड़ेगी महंगी

शादी के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक राशन, तेल, दूध, दही और पनीर की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा मेहमानों के लिए चाय-नाश्ता, मिठाई और भोजन की व्यवस्था भी करनी होती है. ऐसे में खाद्य सामग्री की कीमतों में थोड़ी-सी बढ़ोतरी भी कुल बजट पर बड़ा असर डालती है.

परिवारों का कहना है कि सोना-चांदी सस्ता होने की खबरों से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें महंगी होने से खर्च का संतुलन बिगड़ रहा है. शादी की तैयारी में जुटे लोगों को अब खरीदारी से पहले कीमतों का हिसाब लगाना पड़ रहा है. कई परिवार जरूरी सामान की सूची और मात्रा में भी बदलाव करने पर विचार कर रहे हैं.

उपभोक्ता बोले- शादी का बजट बिगड़ गया

एक उपभोक्ता का कहना है कि लग्न के मौसम में घर में मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है. शादी की खरीदारी के साथ खाने-पीने की व्यवस्था भी करनी पड़ती है. ऐसे में तेल, चावल, आटा और मसालों की कीमतें बढ़ने से बजट बिगड़ गया है. उनके मुताबिक, पहले जितने पैसे में घर का जरूरी राशन आ जाता था, अब उसी सामान के लिए अधिक रकम खर्च करनी पड़ रही है. शादी जैसे बड़े आयोजन में पहले से ही कई तरह के खर्च होते हैं. ऐसे में खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों ने परेशानी और बढ़ा दी है.

दुकानदार बोले- ग्राहक कम मात्रा में कर रहे खरीदारी

अपर बाजार के कारोबारी के अनुसार, एक तरफ सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है, तो दूसरी तरफ रोजमर्रा की जरूरतों के सामान महंगे हो रहे हैं. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सरसों तेल की कीमतों में देखने को मिली है. थोक बाजार से ही सामान महंगा मिल रहा है, जिसके कारण खुदरा कीमतों में भी इजाफा करना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि कीमतें बढ़ने का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी पड़ रहा है. अब लोग सामान खरीदने से पहले भाव पूछ रहे हैं और जरूरत के मुताबिक कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं.

ऐसे में इस लग्न सीजन में सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट से मिली राहत को रसोई के बढ़ते खर्च ने काफी हद तक कम कर दिया है. ऐसे में शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती मेहमाननवाजी और खाने-पीने के खर्च को तय बजट में संभालने की है.