रांची (RANCHI): काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने वर्ष 2027 की ISC यानी 12वीं बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके तहत परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी. बोर्ड ने परीक्षा की तारीखों के साथ परीक्षार्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है. सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी. साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, AI स्मार्ट चश्मे और ब्लूटूथ डिवाइस जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी.
CISCE के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अधिकतर विषयों की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगी. हालांकि, आर्ट्स के कुछ पेपर सुबह 9 बजे से शुरू होंगे. परीक्षार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. दोपहर 2 बजे की परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्र 1:45 बजे और सुबह 9 बजे की परीक्षा के लिए 8:45 बजे उपलब्ध कराया जाएगा. सभी छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले अपने निर्धारित परीक्षा कक्ष में पहुंचकर बैठना अनिवार्य होगा.
प्रमुख विषयों की परीक्षा इन तारीखों पर
- 9 फरवरी: Environmental Science और Western Music Paper-1
- 10 फरवरी: English Paper-1 और Modern English Paper-1
- 12 फरवरी: Applied Mathematics, Robotics Paper-1, Geometrical and Building Drawing और Biotechnology
- 13 फरवरी: Art Paper-1
- 15 फरवरी: English Paper-2
- 16 फरवरी: Modern English Paper-2
- 18 फरवरी: Economics
- 22 फरवरी: हिंदी, बंगाली, गुजराती, नेपाली, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, उर्दू, संस्कृत और जर्मन सहित विभिन्न भाषाएं
- 24 फरवरी: Chemistry Paper-1
- 26 फरवरी: Accountancy
- 27 फरवरी: Art Paper-2
- 1 मार्च: Mathematics
- 3 मार्च: Physical Education
- 4 मार्च: Home Science Paper-1
- 8 मार्च: Indian Music (Hindustani) और Physics Paper-1
- 9 मार्च: Mass Media and Communication
- 11 मार्च: Business Studies
- 12 मार्च: Geography
- 13 मार्च: Art Paper-4
- 15 मार्च: Biology Paper-1
- 17 मार्च: Computer Science Paper-1
- 19 मार्च: History
- 20 मार्च: Art Paper-5
- 24 मार्च: Art Paper-3
- 25 मार्च: Sociology
- 29 मार्च: Commerce
- 31 मार्च: Psychology
- 2 अप्रैल: Political Science
- 3 अप्रैल: Fashion Designing Paper-1 और Geometrical and Mechanical Drawing
- 5 अप्रैल: Artificial Intelligence Paper-1, Hospitality Management और Electricity and Electronics
- 6 अप्रैल: Elective English
- 8 अप्रैल: Legal Studies
मोबाइल और AI डिवाइस ले जाने पर पाबंदी
परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड के अलावा जरूरी स्टेशनरी ले जाने की अनुमति रहेगी. छात्र नीले या काले रंग के पेन, पेंसिल, स्केल, इरेजर और शार्पनर अपने साथ रख सकेंगे. कैलकुलेटर के लिए भी सीमित छूट दी गई है. परीक्षार्थी Casio fx-82 MS या इसी तरह की बुनियादी सुविधाओं वाले कैलकुलेटर का इस्तेमाल कर सकेंगे.
इसके विपरीत मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, स्मार्ट रिंग, फिटनेस बैंड, वायरलेस ईयरबड्स, AI स्मार्ट चश्मे, ब्लूटूथ डिवाइस और इंटरनेट से कनेक्ट होने वाले अन्य उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे. स्कैनर पेन, ट्रांसलेशन पेन, रिकॉर्डिंग पेन, किताबें, नोट्स और किसी भी तरह की लिखित पर्ची ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी.
नकल करते पकड़े गए तो रद्द हो सकता है रिजल्ट
उत्तर-पुस्तिका में जवाब लिखने के लिए केवल नीले या काले पेन का इस्तेमाल करना होगा. पेंसिल का उपयोग सिर्फ डायग्राम बनाने के लिए किया जा सकेगा. छात्रों को कॉपी के पहले पन्ने पर अपना यूनिक आईडी, इंडेक्स नंबर और विषय का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज करना होगा.
परीक्षा में नकल, अनुचित साधनों के इस्तेमाल या किसी दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फर्जी पहचान पत्र के साथ पकड़े जाने वाले छात्र को परीक्षा से निष्कासित करने के साथ पुलिस के हवाले भी किया जा सकता है.
अप्रैल-मई में आ सकता है परीक्षा परिणाम
ISC 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का परिणाम अप्रैल या मई में जारी होने की संभावना है. रिजल्ट घोषित होने के बाद विद्यार्थी CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर अपना स्कोर देख सकेंगे. यदि कोई छात्र अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह निर्धारित समय सीमा के भीतर रीचेकिंग और पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है. रीचेकिंग के लिए परिणाम जारी होने के चार दिनों के भीतर, जबकि पुनर्मूल्यांकन के लिए तीन दिनों के अंदर आवेदन करना होगा.
बोर्ड के नियमों के अनुसार, परिणाम घोषित होने के 60 दिनों बाद उत्तर-पुस्तिकाओं को नष्ट कर दिया जाएगा. वहीं, अपने अंकों में सुधार करना चाहने वाले विद्यार्थियों को अधिकतम तीन विषयों में इम्प्रूवमेंट परीक्षा देने का अवसर मिलेगा. इस परीक्षा में केवल थ्योरी पेपर आयोजित किए जाएंगे. प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट में पहले प्राप्त अंकों को ही अंतिम परिणाम में जोड़ा जाएगा.
