Bihar

मेले से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या,जानिए कहां हुई वारदात

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बाढ़ (BARH): बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना दक्षिणीचक गांव के पास की बताई जा रही है. मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय ललन पुरी के रूप में हुई है. वारदात के बाद परिवार में कोहराम मचा है जबकि इलाके में घटना को लेकर दहशत का माहौल है.

मेला बंद कर साइकिल से लौट रहा था घर

परिजनों के मुताबिक, ललन पुरी मेलों और स्थानीय बाजारों में फेरी लगाकर श्रृंगार का सामान बेचते थे.सिंदूर, टिकली और माला सहित अन्य सामान की बिक्री से होने वाली कमाई से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. बताया जा रहा है कि वारदात वाली रात ललन रूपस मेले में दुकान लगाने गए थे. रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दुकान बंद करने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रेलवे लाइन और गुमटी के आसपास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

शरीर पर मिले गोली लगने के दो निशान

घटना की जानकारी मिलने पर अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. ए. रहमान के मुताबिक, मृतक के शरीर पर गोली लगने के दो निशान पाए गए. एक गोली बायीं आंख के नीचे लगी और शरीर से बाहर निकल गई, जबकि दूसरी गोली दाहिने हाथ की कोहनी के पास लगी थी. इस गोली को शरीर से निकाल लिया गया.

परिजनों ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप

ललन पुरी के भाई जीतू पुरी और पत्नी गुंजन देवी ने पड़ोस में रहने वाले शंकर महतो पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का दावा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. परिवार के अनुसार, रक्षाबंधन से पहले हुए विवाद के बाद उनके घर के बाहर खड़ी मोपेड में आग लगाने की घटना भी हुई थी. इसके बाद कथित तौर पर फोन पर धमकियां दी जा रही थीं. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच अभी जारी है.

पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए ललन पुरी

ललन पुरी के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं. उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने नामजद आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. अथमलगोला थाना पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है.

TagsBihar