पश्चिम चंपारण (WEST CHAMPARAN): बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां के बगहा क्षेत्र में दुर्गा पूजा के लिए निकाली गई कलश यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. भैरोगंज थाना क्षेत्र के सहसराव गांव में निकली इस यात्रा के दौरान 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य बच्चे झुलस गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के मुताबिक, दुर्गा पूजा के अवसर पर सहसराव गांव से भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी. यात्रा में शामिल लोग रामनगर के खटौरी पंचायत के पास नहर से जल भरकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान एक युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर झंडा लेकर जा रहा था. बताया जा रहा है कि झंडा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया. इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार बच्चे करंट की चपेट में आ गए. हादसे में दो बच्चों की जान चली गई, जबकि 16 बच्चे झुलसकर घायल हो गए. हालांकि, घटना के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
घटना के बाद सभी घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. हादसे की जानकारी मिलने पर बगहा के विधायक राम सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भी अस्पताल पहुंचे. विधायक ने घटना को दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई. इस हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है. दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं.
