☰
Bihar

वारंटी को पकड़ने गए दरोगा और जवान को लोगों ने दौड़ा-दौड़ा पर पीटा, वीडियो वायरल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पश्चिमी चंपारण (WEST CHAMPARAN): बगहा पुलिस, जिला के नौरंगिया थाना क्षेत्र में वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची थी, जहां पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया है. इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में लिए गए आरोपी को जबरन छुड़ा लिया गया. वहीं हमले में थानाध्यक्ष राज रौशन समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए है. हालांकि घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. 

दरअसल मिली जानकारी के अनुसार नौरंगिया थाना कांड संख्या 89/26 के वारंटी नागेंद्र बीन और भूलन बीन की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष राज रौशन के नेतृत्व में पांच सदस्यीय पुलिस टीम, बीती रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची थी. ऐसे में पुलिस ने मौके से नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया. इसी दौरान अशोक बीन समेत करीब एक दर्जन से अधिक लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया.

आरोप है कि लोगों ने पुलिस टीम को घेरकर हाथापाई की. साथ ही थानाध्यक्ष के कपड़े फाड़ दिए गए और पुलिस अभिरक्षा से नागेंद्र बीन को जबरन छुड़ा लिया गया. इस दौरान थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी चोटिल हो गए. वहीं घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से निकलकर वरीय अधिकारियों को सूचना दी. ऐसे में सूचना मिलते ही एसडीपीओ बगहा के निर्देश पर कई थानों की पुलिस गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. साथ ही घायल पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.

मामले को लेकर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाने के आरोप में नौरंगिया थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज की है. ऐसे में मामले में अब तक आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अभिरक्षा से फरार नागेंद्र बीन को पकड़ने के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं ग्रामीणों में थाना प्रभारी की कार्रवाई के खिलाफ आक्रोश भी देखा जा रहा है.

TagsBihar