☰
Bihar

पहले प्यार फिर तकरार, अब 20 लाख में पत्नी से रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहा पति

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पश्चिम चंपारण (WEST CHANPARAN): सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई एक प्रेम कहानी अब विवाद और न्याय की गुहार तक पहुंच गई है. बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक महिला अपने पति के साथ रहने के लिए दर-दर भटक रही है. पीड़िता स्वेता कुमारी का आरोप है कि तीन साल के प्रेम संबंध के बाद उन्होंने अप्पू कुमार से शादी की, लेकिन कुछ महीने साथ रहने के बाद पति ने उन्हें छोड़ दिया. अब महिला अपने पति के घर पहुंचकर साथ रहने और न्याय दिलाने की मांग कर रही हैं.

पीड़िता के मुताबिक, पटना में बीपीएससी की तैयारी के दौरान उनकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए पश्चिम चंपारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगढ़, सिंहाछापर निवासी अप्पू कुमार से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. करीब तीन साल तक दोनों रिलेशनशिप में रहे. इसके बाद मई 2026 में मोतिहारी महिला थाने में दोनों ने शादी कर ली. स्वेता मूल रूप से भागलपुर जिले की रहने वाली हैं.

स्वेता का आरोप है कि शादी के बाद करीब छह महीने तक दोनों साथ रहे, लेकिन इसके बाद पति ने उनसे दूरी बना ली और तलाक देने का दबाव बनाने लगा. पीड़िता का दावा है कि शादी से पहले प्रेम संबंध के दौरान वह दो बार गर्भवती हुई थीं. आरोप है कि दोनों बार उन पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया. महिला ने जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप भी लगाया है.

पीड़िता का कहना है कि जब मामला विवाद में बदलने लगा तो अप्पू ने अपनी नौकरी बचाने के उद्देश्य से उनसे शादी की. इसके बाद महिला थाने में अपना पक्ष मजबूत करने के लिए उन पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया. स्वेता के मुताबिक, उस समय मानसिक तनाव और पति पर भरोसे के कारण उन्होंने उसके पक्ष में बयान दिया था. महिला ने आरोप लगाया है कि समझौते के नाम पर उन्हें दोबारा अपने साथ ले जाने के बाद फिर छोड़ दिया गया. इतना ही नहीं, उनके सामने 20 लाख रुपये लेकर रिश्ता खत्म करने का प्रस्ताव भी रखा जा रहा है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

मामले में 4 नवंबर को नया मोड़ आया, जब स्वेता अपने पति के घर पहुंच गईं. इससे पहले उन्होंने मुफस्सिल थाने में आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी. लेकिन महिला का आरोप है कि पति के परिजनों ने उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया. परिजनों की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि पहले लड़के को खोजकर लाओ. स्वेता का कहना है कि वह अपना परिवार छोड़कर पति के साथ आई थीं, लेकिन अब पति ने भी उनका साथ छोड़ दिया है. ऐसे में उनके सामने रहने और भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है. उनकी मांग है कि उन्हें पति के साथ रहने दिया जाए और पूरे मामले में न्याय मिले.

इस मामले में पीड़िता ने एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका दावा है कि बिहार पुलिस में पदाधिकारी के तौर पर पटना में तैनात उनके पति के एक दोस्त ने फोन कर उन्हें तलाक देने और रिश्ता खत्म करने की धमकी दी. महिला के मुताबिक, ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई. फिलहाल स्वेता अपने पति के साथ रहने और न्याय पाने की मांग कर रही हैं. अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन महिला की शिकायत और लगाए गए आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है. वहीं, मामले में पति और उसके परिजनों का पक्ष सामने आना भी बाकी है.

TagsBihar