पश्चिम चंपारण: बड़ी खबर पश्चिम चंपारण से है जहां एक तरफ छठ पर्व मनाने में लगे थे तो दूसरी तरफ एक बड़ा हादसा हो गया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक ही परिवार के चार लोगों समेत 5 लोग जख्मी हो गए. घटना पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के लालसरैया चौक की है जहां एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पहले एक बाइक में टक्कर मारी फिर दुकान में घुस गई. घटना में सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना में मृतक की पहचान बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वारदेवी चौक निवासी मोहम्मद ओसामा और खालिद आलम के रूप में की गई जबकि जख्मियों की पहचान लालसरैया निवासी अशोक चौधरी, लचीना चौधरी, 12 वर्षीया आराध्या कुमारी, 7 वर्षीय अनमोल चौधरी तथा 60 वर्षीय विनोद चंद्र सिंह के रूप में की गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक शाहिद आलम को गिरफ्तार कर लिया.
घटना के बाद स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई. वहीं सदर एसडीपीओ 1 अजीत कुमार भी मौके पर पहुंचे. सदर एसडीपीओ 1 अजीत कुमार ने कहा कि एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कई लोगों को रौंद डाला जिसमें 7 लोग जख्मी हो गए. इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक ही परिवार के चार लोग समेत कुल 5 लोगों का इलाज चल रहा है. एसडीपीओ ने बताया कि चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच रेफर किया गया है. फिलहाल स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है साथ ही उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.