लखनऊ: बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है. निगरानी के साथ ही ईओयू और सीबीआई भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध ताबड़तोड़ एक्शन में है. हालांकि इस कार्रवाई का असर अब भ्रष्ट सरकारी कर्मियों पर पड़ तो रहा है लेकिन बावजूद इसके सुधरने का नाम नहीं ले रहे. बिहार में ताबड़तोड़ कार्रवाई की वजह से एक अधिकारी ने लखनऊ में जा कर 3 लाख रिश्वत लिया लेकिन उसके भाग्य ने साथ नहीं दिया और वह रंगेहाथ गिरफ्तार हो गया.
बताया जा रहा है कि लखनऊ में सीबीआई की टीम ने बिहार तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को 3 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उन्होंने एक कंपनी संचालक से स्क्रैप के ठेके से जुड़े मामले में काम कराने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की. मामला एक कंपनी के स्क्रैप ठेके से जुड़ा बताया जा रहा है. आरोप है कि पटना में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार कंपनी संचालक के काम में अड़ंगा डाल रहे थे. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर काम कराने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी. रिश्वत की मांग से परेशान कंपनी संचालक ने सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच की और आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. तय योजना के तहत टीम ने लखनऊ के वृंदावन इलाके में कार्रवाई की. इसी दौरान रमेश कुमार 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए. सीबीआई ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम रमेश कुमार से जुड़े ठिकानों की तलाशी में जुट गई. लखनऊ और रायबरेली में उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई है.