☰
Bihar

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान शुरू, 27 को आयेगा परिणाम, करीब 150 उम्मीदवार हैं मैदान में

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार विधान परिषद की 8 स्नातक एवं शिक्षक सीटों के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गई. मतदान की प्रक्रिया शाम 4 बजे तक जारी रहेगी. मतदान शुरू होने से पहले सभी बूथों पर तैयारियों का अंतिम रिहर्सल किया गया और फिर मतदान शुरू की गई. इसके लिए सभी संबंधित बूथों पर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है. इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 335 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 598 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इन पर कुल 5,32,547 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 4.92 लाख स्नातक और 40 हजार शिक्षक मतदाता हैं. मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी.

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 4,92,594 मतदाता हैं, जिनमें तीन लाख 55 हजार 522 पुरुष, एक लाख 37 हजार 38 महिला और 34 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 40, 253 मतदाता रजिस्टर्ड हैं, जिनमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिला और तीन ट्रांसजेंडर मतदाता हैं.

शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान में पटना स्नातक सीट हॉट सीट बनी हुई है और इसका कारण हैं जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार तथा इसी पार्टी के बाहुबली विधायक अनंत सिंह. एक तरफ पार्टी का पूरा कुनबा नीरज कुमार के समर्थन में रहा तो दूसरी तरफ मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने उनका जोरदार विरोध किया तथा जन सुराज के प्रत्याशी का समर्थन किया. उन्होंने लगातार जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार भी किया. हालांकि दोनों के बीच विवाद सुलझाने का जिम्मा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दी गई लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सीट पर किसका दबदबा चलता है और चुनाव परिणाम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

TagsBihar