वैशाली (VAISHALI): वैशाली जिला के सदर थाना क्षेत्र के बलवा कुंवारी गांव में एक युवक को भोज में जाने के दौरान घर से बुलाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई. इस घटना में युवक को तीन गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. घायल की पहचान पीयूष के रूप में हुई है. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
भोज में जाने के दौरान बुलाया, फिर की ताबड़तोड़ फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, पीयूष किसी भोज में शामिल होने के लिए घर से निकल रहा था. इसी दौरान किसी ने उसे रास्ते में बुलाया. आरोप है कि जैसे ही पीयूष तय जगह पर पहुंचा, वहां घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने एक-एक कर तीन गोलियां दागीं. गोलियों की आवाज से सहमे ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक पीयूष गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर चुका था और हमलावर मौके से भाग निकले.सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर.
घायल युवक को पीएमसीएच रेफर किया गया
गोलीबारी की आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर तुरंत पटना रवाना हो गए, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस महकमे में हड़कंप, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और सदर थाना पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची. पुलिस ने घायल के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली.
पुलिस मामले की तहकिकात में जुटी
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पीयूष को किसने और किस नीयत से बुलाया था. घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए हरसंभव साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
