☰
Bihar

शराब तस्करों पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पेड़ से बांधकर जमकर की पिटाई, वीडियो वायरल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

वैशाली (VAISHALI): बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब का अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है. वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र में शराब बेचने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस को भी उग्र ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने किसी तरह दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाकर थाने पहुंचाया.

दरअसल, मामला जंदाहा थाना क्षेत्र के खोपी बांध वार्ड संख्या-5 का है. बताया जा रहा है कि दोपहर के समय दो युवक बाइक से गांव में पहुंचे और चुपके से शराब बेचने लगे. इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें संदिग्ध अवस्था में देख लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से शराब बरामद हुई, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. आक्रोशित लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और गांव के बीचों-बीच एक पेड़ से रस्सी से बांध दिया. इसके बाद दोनों की लात-घूंसों और डंडों से पिटाई शुरू कर दी. पिटाई से दोनों युवक चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ.

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही जंदाहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने युवकों को छुड़ाने का प्रयास किया तो ग्रामीण और उग्र हो गए. उनका कहना था कि गांव में आए दिन बाहरी लोग शराब बेचने आते हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है. युवा पीढ़ी नशे की लत में पड़ रही है. लोग दोनों तस्करों को पुलिस के हवाले करने को तैयार नहीं थे. स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और ग्रामीणों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया. काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद ग्रामीण शांत हुए. इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को रस्सी से खोलकर सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और थाने ले गई.

बता दें, पकड़े गए युवकों की पहचान अमन कुमार और सतीश कुमार के रूप में हुई है. दोनों जंदाहा थाना क्षेत्र के ही कुशहर खास गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने गांव में शराब बेचने की बात स्वीकार की है. पुलिस को शक है कि दोनों किसी बड़े तस्कर के इशारे पर गांव में शराब की सप्लाई कर रहे थे.

इस संबंध में जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर दो युवकों को शराब के साथ पकड़ा गया है. दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उनके पास से कितनी शराब बरामद हुई है और वे कहां से शराब लाए थे, इसकी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.

गोरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद भी वैशाली समेत कई जिलों में शराब की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी-छिपे शराब बेची जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की सख्ती के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर गांवों में शराब पहुंचा रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है.

TagsBihar