☰
Bihar

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद फाड़े पोस्टर, अब पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, 3 गिरफ्तार, डेढ़ सौ के विरुद्ध...

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

वैशाली: शनिवार को नीतीश सेतु के उद्घाटन और वैशाली के राजापाकड़ में पीएम के कार्यक्रम के कुछ देर बाद ही भीड़ की शक्ल में पहुंच कर पोस्टर फाड़े जाने के मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने प्रधानमंत्री का पोस्टर फाड़ने के आरोप में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य की पहचान और तलाश की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में वायरल वीडियो के आधार पर तीन नामजद और करीब डेढ़ सौ अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है और अब उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी है.

मामले में हाजीपुर के एसएसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य की पहचान वायरल वीडियो के आधार पर की जा रही है. एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कच्ची दरगाह - बिदुपुर के बीच बने सिक्स लेन नीतीश सेतु के साथ ही करीब 34 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया था. कार्यक्रम को लेकर नीतीश सेतु समेत कई जगहों पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों के पोस्टर लगाए गए थे. कार्यक्रम स्थल से पीएम के रवाना होने के कुछ देर बाद ही दर्जनो की संख्या में हाथ में राजद का झंडा लिए पहुंचे युवकों ने तेजस्वी के समर्थन में नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री समेत अन्य नेताओं का पोस्ट फाड़ दिया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज की और लोगों की पहचान कर अब गिरफ्तारी अभियान में जुट गई है. घटना में तीन लोगों को नामजद जबकि करीब डेढ़ सौ अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. साथ ही पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य सुनियोजित साजिश थी या युवकों ने स्वयं ही हंगामा किया. फिलहाल पुलिस ने नीतीश सेतु और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है. सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना में शामिल सभी लोगों तक पहुंचा जा सके.

TagsBihar