हाजीपुर (HAZIPUR) : वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के दिग्गी कला में ठेकेदार रामनरेश राय की हत्या के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हाजीपुर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की. उनके साथ राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित पार्टी के कई विधायक और स्थानीय नेता मौजूद रहे.
तेजस्वी ने रामनरेश राय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी
तेजस्वी यादव ने रामनरेश राय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी और बेटे से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने परिवार की सुरक्षा और पुलिस की अब तक की कार्रवाई के बारे में भी जानकारी प्राप्त की. मृतक की पत्नी पहले ही परिवार की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग कर चुकी हैं.
तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए
परिजनों से मिलने के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और अपराधियों में पुलिस का डर कम होता दिख रहा है. उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए. साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय और पर्याप्त सुरक्षा दी जाए.
हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी
इधर, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा भी घटनास्थल का जायजा ले चुके हैं. पुलिस हत्या के पीछे रास्ते और जमीन से जुड़े विवाद के साथ ठेकेदारी की आपसी प्रतिस्पर्धा सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. हालांकि हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
