टीएनपी डेस्क (TNP DESK): इन दिनों सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर बिहार के हाजीपुर की BPSC शिक्षिका गुंजन कुमारी का मामला काफी चर्चा में है. पहले उनके पति अमन कुमार का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने पत्नी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. अमन कुमार ने दावा किया था कि उन्होंने पत्नी की पढ़ाई और करियर के लिए मेहनत-मजदूरी की, यहां तक कि जमीन तक बेच दी, लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उन्हें और उनके बेटे को छोड़ दिया. इस मामले ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं.अब इस पूरे विवाद पर BPSC शिक्षिका गुंजन कुमारी ने भी अपना पक्ष रखा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पति और ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप
गुंजन कुमारी ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि शादी के शुरुआती कुछ साल तक सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में उनके पति उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगे. उन्होंने अपने पति और भसुर पर शराब और गांजा के कारोबार से जुड़े होने का भी आरोप लगाया है. गुंजन का कहना है कि जब वह इसका विरोध करती थीं तो उन्हें घर छोड़ने और जान से मारने तक की धमकी दी जाती थी.वहीं पति द्वारा पढ़ाई के लिए जमीन बेचने के दावे को भी गुंजन कुमारी ने गलत बताया है. उन्होंने कहा कि उनकी पढ़ाई के लिए कोई जमीन नहीं बेची गई थी. जमीन उनके पति के इलाज के लिए बेची गई थी, क्योंकि उनके पैर में स्टील लगा हुआ है और इलाज में पैसे की जरूरत थी. उन्होंने साफ कहा कि उनकी पढ़ाई में जमीन का एक भी पैसा नहीं लगा है.
नौकरी की वजह से किया जा रहा है टारगेट
गुंजन कुमारी ने यह भी कहा कि उन्हें पढ़ने का बहुत शौक था, लेकिन कम उम्र में ही उनकी शादी कर दी गई थी. परिवार वालों ने कहा था कि शादी के बाद भी उन्हें आगे पढ़ाया जाएगा. काफी संघर्ष और जिद के बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और आज भी आगे की पढ़ाई जारी रखे हुए हैं. उन्होंने बताया कि BPSC की तैयारी में कोई लाखों रुपये खर्च नहीं हुए. उन्होंने खाना सर की ऑनलाइन क्लास और कम खर्च में अपनी पढ़ाई पूरी की. B.Ed भी उन्होंने सरकारी कॉलेज से किया था.
पति लगातार शराब पीकर उनके साथ दुर्व्यवहार करते थे
गुंजन ने दावा किया कि करीब डेढ़ साल पहले ही उन्होंने अपने पति के खिलाफ तलाक का केस दायर कर दिया था. उनका आरोप है कि पति लगातार शराब पीकर उनके साथ दुर्व्यवहार करते थे. उन्होंने कहा कि अब उन्हें सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने की कोशिश की जा रही है ताकि उन पर मानसिक दबाव बनाया जा सके.बेटे के बयान को लेकर पूछे जाने पर गुंजन कुमारी ने कहा कि उनके बेटे को गलत बातें सिखाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि वह आज भी अपने बेटे को अपने साथ रखने के लिए तैयार हैं.गुंजन कुमारी ने यह भी कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और उन्हें डर है कि ससुराल पक्ष उनके साथ कोई अनहोनी कर सकता है. फिलहाल उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस मामले पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि पूरा मामला हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र का है. यहां गुंजन कुमारी के पति अमन कुमार ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी का अपने कॉलेज के दोस्त और शिक्षक प्रेम प्रकाश जयवाल के साथ संबंध है. अमन कुमार का कहना है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के बावजूद पत्नी की पढ़ाई जारी रखवाई, ग्रेजुएशन और B.Ed करवाया और साल 2022 में जमीन बेचकर भी उनका साथ दिया.अमन के मुताबिक दोनों की शादी साल 2013 में हुई थी और उनका एक 10 साल का बेटा भी है. उन्होंने दावा किया कि जनवरी 2024 में BPSC TRE-2 परीक्षा पास कर गुंजन कुमारी शिक्षिका बनीं और ट्रेनिंग के दौरान उनकी मुलाकात फिर से कॉलेज मित्र प्रेम प्रकाश जयवाल से हुई. इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं.
पढ़िये पति ने पत्नी पर क्या आरोप लगाया था
अमन कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और प्रेम प्रकाश चोरी-छिपे मिलते थे. बेटे ने भी उन्हें इसकी जानकारी दी थी. वहीं जनवरी 2025 में दार्जिलिंग ट्रिप के दौरान भी उन्हें दोनों पर शक हुआ था.पति का दावा है कि 23 मई को उन्होंने हाजीपुर के किराए के मकान में पत्नी को प्रेम प्रकाश के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी थी. वहीं बेटे आयुष ने भी अपनी मां पर मारपीट और गलत व्यवहार का आरोप लगाया था.फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. मामले की सच्चाई क्या है, यह जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगा.