☰
Bihar

वैशाली में आर्मी से रिटायर्ड बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर पहुंच गया एसपी ऑफिस

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

वैशाली: वैशाली में पैतृक संपत्ति के विवाद में एक रिटायर्ड आर्मी जवान ने अपने ही छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी खुद ही अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर एसपी ऑफिस में आत्मसमर्पण करने पहुंच गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई वहीं एसपी ऑफिस में हथियार के साथ पहुंच भाई की हत्या करने की स्वीकारोक्ति पर पुलिसकर्मियों में भी हड़कंप मच गया. घटना वैशाली के करताहाँ थाना क्षेत्र के धनुषी गांव की है. जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सोमनाथ सिंह के रूप में की गई जबकि हत्यारोपी रिटायर्ड आर्मी जवान की पहचान सुरेश सिंह के रूप में की गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है.

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच मकान को लेकर विवाद चल रहा था. मामले को सुलझाने के लिए शनिवार की सुबह पंचायत बुलाई गई थी. पंचायत में कोई निर्णय नहीं हो सका. लोगों ने बताया कि पंचायत खत्म होने के कुछ देर बाद दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई और तनाव बढ़ता ही गया जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया. लोगों ने बताया कि बड़ा भाई सुरेश सिंह ने अपने लाइसेंसी हथियार से छोटे भाई पर कई गोलियां चलाई. गोली लगने से छोटे भाई सोमनाथ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई खुद ही लाइसेंसी हथियार लेकर आत्मसमर्पण करने के लिए एसपी पहुंच गया.

एसपी ऑफिस में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई. हालांकि, आत्मसमर्पण के घटनाक्रम और हथियार की बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शुभांक मिश्रा, सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. करताहां और लालगंज थाने की पुलिस समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस टीम साक्ष्य जुटाने के साथ घटना के कारणों और वारदात से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है.

TagsBihar