TNP DESK : बिहार के वैशाली में हुए नाव हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें 11 बच्चे शामिल हैं. इस हादसे के बाद कई माँ की गोद सूनी हो गई . जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया उनके लिए इस दुख को सह पाना बेहद मुश्किल है.
इसी बीच वैशाली की डीएम वर्षा सिंह जब घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कीं तो वह भी भावुक हो गईं. इस दौरान एक पीड़ित महिला डीएम से लिपटकर जोर-जोर से रोने लगी. महिला उन्हें छोड़ने को तैयार नहीं थी और रोते हुए अपना दर्द बयां कर रही थी. महिला की पीड़ा देखकर डीएम भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं. घटनास्थल पर मौजूद अन्य अधिकारी भी इस भावुक दृश्य को देखकर मौन खड़े रहे. बच्चों को खोने का दर्द एक मां से बेहतर कोई नहीं समझ सकता. महिला की आंखों में अपने बच्चों को खोने का असहनीय दुख साफ झलक रहा है . हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों के घरों में कोहराम मचा हुआ है.
जर्जर नाव पर सवार थे 30 से 35 बच्चे
आपको बता दें कि यह हादसा वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुआ. स्थानीय लोगों के मुताबिक नाव पर सवार होकर 30 से 35 बच्चे भोज खाने जा रहे थे. इसी दौरान गंगा नदी में नाव फट गई, जिससे बच्चे नदी में डूबने लगे. हादसे के बाद प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया और सात बच्चों को बचाया गया. वहीं, लापता बच्चों की तलाश जारी है.
प्रशासन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा जिला प्रशासन पर भी फूट पड़ा. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नाव पहले से ही जर्जर हालत में थी और इसकी शिकायत प्रशासन से की गई थी. ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई. उनका आरोप है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस मामले को गंभीरता से लिया होता तो शायद आज ये हादसा नहीं होता. फिलहाल इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है.
