☰
Bihar

17 मामलों के आरोपी छोटू को पुलिस ने मुठभेड़ में मारी गोली, किसी बड़े अपराध की योजना बना चुका था कुख्यात

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

वैशाली: बिहार की पुलिस ने एक बार फिर बीती रात एक एनकाउंटर किया है. पुलिस ने 17 मामलों में वांछित एक अपराधी को देर रात गोली मारी. गुप्त सूचना के आधार पर वैशाली पुलिस और एसटीएफ की टीम ने हाजीपुर के दिग्घी कला के समीप एक चौर के समीप कुख्यात की घेराबंदी की जिसके बाद उसने फायरिंग करना शुरू कर दिया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई जिससे वह जख्मी हो गया. घायल हालत में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ में घायल अपराधी की पहचान हाजीपुर के दिग्घी कला निवासी राजनंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि वह वैशाली और समस्तीपुर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था.

अपराध की योजना बना छुपा था कुख्यात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटू अपने गांव के समीप मरमला चोर में किसी बड़े अपराध की योजना बना कर छुपा बैठा है. सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उसकी घेराबंदी की तभी छोटू की तरफ से फायरिंग की गई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो छोटू के पैर में लगी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है.

कोर्ट से फरार हो चुका है ज्वेलर्स लूट कांड का आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छोटू के विरुद्ध करीब 17 संगीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज है. वह समस्तीपुर में एक ज्वेलर्स लूटकांड का भी मुख्य आरोपी है. इसके साथ ही वह समस्तीपुर कोर्ट परिसर से पेशी के दौरान फरार हो चुका था. इसके बाद से वैशाली और समस्तीपुर की पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी. फिलहाल मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किया है.

घटना के बाद एसएसपी शुभांक मिश्रा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं.

TagsBihar