वैशाली (VAISHALI) : बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पूर्व मुखिया शंभू यादव के घर के पास फायरंग की और बम फेंककर इलाके में भया का माहौल उत्पन्न कर दिया. घटना मुकुंदपुर भाथ पंचायत के वार्ड संख्या - 12 में हुई. सूचना मिलते ही जदाहां थाना अध्यक्ष अनामिका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पूरे इलाके में भय का माहौल
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने चार बम फेंके थे. इनमें से तीन बम मौके पर ही फट गए, जबकि एक जिंदा बम बरामद किया गया. पुलिस ने जिंदा बम को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है.
पुरानी रंजिश हो सकती है वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजि हो सकती है. करीब 15 दिन पहले जंदाहा बाजार के कुशवाहा चौक के पास जलजमाव के दौरान एक ट्रक के गुजरने से कीचड़ उछल गया था. इस बात को लेकर लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी थी. बाद में मुकुंदपुर भाथ गांव में आयोजित नौ दिवसीय यज्ञ के दौरान ट्रक चालक के परिजनों ने मेला घूमने आए कुशवाहा चौक के कुछ लोगों के साथ मारपीट की थी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
ग्रामीणों का मानना है कि इसी विवाद के कारण बदमाशों ने बमबाजी और फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
पहले से विवाद से जुड़ा मामला दर्ज है
महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे फायरिंग और बम फेंके जाने की सूचना मिली थी. मौके से एक जिंदा बम बरामद किया गया है. फिलहाल घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है. जिन लोगों पर स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं, उनके खिलाफ पहले से विवाद से जुड़ा एक मामला दर्ज है.
पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
