☰
Bihar

बड़ी खबर: 19 वर्षीय गर्भवती महिला के पेट में मारी गोली, इलाके में फैली सनसनी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हाजीपुर (HAZIPUR): सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपराधियों ने एक 19 वर्षीय गर्भवती महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. गोली महिला के पेट में लगी है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. घायल की पहचान अदलपुर निवासी सोनू कुमार की पत्नी दीवानी कुमारी के रूप में हुई है. ऐसे में गोली लगने के बाद परिजन उसे आनन-फानन में हाजीपुर सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला को पीएमसीएच रेफर कर दिया है.

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना और सदर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. वहीं, एसडीपीओ सुबोध कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल महिला के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की. पूछताछ के दौरान परिजनों के बयानों में विरोधाभास सामने आया है. दूसरी ओर किसी ने महिला को घर के बाहर गोली लगने की बात कही, तो किसी ने दलान पर गोली चलने की जानकारी दी. दूसरी ओर, पुलिस की शुरुआती जांच में घर के अंदर गोली चलने की बात सामने आने की जानकारी मिली है. बयानों में अंतर होने के कारण पुलिस घटना की परिस्थितियों को संदिग्ध मानकर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.

घायल महिला ने पुलिस को बताया कि उसके देवर ने कुछ दिन पहले पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से भागकर शादी कर ली थी. इसके बाद से परिवार और आसपास के लोगों के बीच विवाद चल रहा था. महिला को गोली मारने की घटना का संबंध इसी विवाद से है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. परिजनों के बयानों का मिलान किया जा रहा है, ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके. पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गर्भवती महिला को गोली किसने और किन परिस्थितियों में मारी.

TagsBihar