☰
Bihar

पुलिस के साथ युवती पहुंची शादीशुदा प्रेमी के घर, ताला लटका देख रोते हुए कहा '4 महीने पहले मंदिर में...'

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

वैशाली: वैशाली जिला के सराय थाना क्षेत्र में सोमवार को एक हाई वोल्टेज ड्रामा तब शुरू हो गया जब एक युवती पुलिस लेकर अपने कथित प्रेमी के घर पहुंच गई. युवती ने कहा कि उसके प्रेमी ने चार महीने पहले उससे शादी भी की थी और हाजीपुर में किराए के मकान में रख रहा है लेकिन वह अपने ससुराल में रहना चाहती है. युवती के पुलिस के साथ आने से पहले ही कथित ससुराल के लोग घर में ताला लगा कर भाग निकले थे. मामला सराय थाना क्षेत्र के हाट रोड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप की है. मुजफ्फरपुर से आई युवती ने बताया कि काफी समय पहले उसकी मुलाकात रुपेश साह से हुई थी और फिर दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया.

युवती ने बताया कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया था और करीब चार महीने पहले मंदिर में शादी रचाई भी, लेकिन वह उसे अपने घर ले जाने के बजाय हाजीपुर पासवान चौक के समीप किराए के एक मकान में रखता था. युवती ने कहा कि वह अपने पति के साथ ससुराल में रहना चाहती है. बार बार कथित पति से कहने पर भी जब वह उसे लेकर घर नहीं गया तो वह खुद पहुंच गई. युवती ने बताया कि घर पहुंचने पर उसे पता चला कि युवक पहले से शादी शुदा है, फिर भी उसने परिवार के लोगों को सारी बात बताई. मामले की जानकारी मिलने के बाद युवक के माता पिता ने हाथ पकड़ घर से बाहर कर दिया और दुबारा नहीं आने की हिदायत भी दी.

अब सोमवार को युवती पुलिस के साथ फिर अपने ससुराल पहुंच गई. हालांकि इस दौरान घर में ताला लटका हुआ था जिसकी वजह से परिवार के किसी सदस्य से उसकी मुलाकात नहीं हो सकी. युवती ने पुलिस से गुहार लगाई कि वह युवक की पत्नी है इसलिए उसे ससुराल में रहने दिया जाए. युवती घंटों दरवाजे पर बैठ कर रोती रही. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए. इस संबंध में सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि युवती की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar