वैशाली: वैशाली से मंगलवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां कुछ बदमाशों ने एक युवक को पहले गोली मारी फिर उसे उठा कर अपने साथ ले गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई वहीं परिजन अनहोनी की आशंका से ग्रसित हैं. लापता युवक की पहचान मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग चौक निवासी टिंकू कुमार उर्फ विवेक कुमार के रूप में की गई. घटना वैशाली के सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव की है. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण एसपी, एसडीपीओ समेत स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है.
घटना को लेकर युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बदमाश ने पहले गोली मारी फिर उसे अगवा कर ले गए. फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय और सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की. फिलहाल पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है.
मामले को लेकर ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने बताया कि मंगलवार की सुबह युवक को गोली मार कर अगवा किए जाने की सूचना मिली थी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है. फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है. उन्होंने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.