☰
Bihar

रुपए की लेन-देन विवाद में पुलिस से भिड़ा युवक, दरोगा की वर्दी फाड़ी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

वैशाली (VAISHALI): सोनपुर के पहलेजा घाट में रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब मौके पर पहुंची गश्ती पुलिस से एक युवक भिड़ गया. आरोप है कि युवक ने पुलिस पदाधिकारी सब इंस्पेक्टर उमाशंकर राय के साथ हाथापाई की और उनका कॉलर पकड़कर वर्दी फाड़ दी. काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को काबू में किया और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने थाने का मुख्य द्वार बंद कर दिया.

घाट पर मचा हंगामा

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहलेजा घाट पर दुकानों के खुलने के साथ ही लोगों की चहल-पहल शुरू हो गई थी. इसी दौरान एक दुकानदार और एक युवक के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते कहासुनी विवाद में बदल गई और घाट पर हंगामा मच गया. आसपास के लोग भी वहां जुट गए. घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

गोली मारने की धमकी की सूचना पर पहुंची पुलिस

थानाध्यक्ष संदीप कुमार के अनुसार, हिरासत में लिया गया युवक सबलपुर उत्तरी पंचायत का राजेश कुमार राय है. उसका पहलेजा घाट के एक दुकानदार से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान युवक दुकानदार को गोली मारने की धमकी दे रहा था. दुकानदार की सूचना पर गश्ती दल मौके पर पहुंचा था. पुलिस पदाधिकारी उमाशंकर राय ने जब युवक से पूछताछ शुरू की, तो वह उनसे उलझ गया और हाथापाई करने लगा. युवक ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया और वर्दी फाड़ दी. इसके बाद वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में किया.

थाने के बाहर जुटी भीड़

युवक को हिरासत में लेकर थाने लाए जाने की खबर फैलते ही थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई. भीड़ में युवक के समर्थक और स्थानीय लोग भी शामिल थे. स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने थाने का मुख्य द्वार बंद कर दिया और सुरक्षा बढ़ा दी. काफी देर तक थाने के बाहर गहमागहमी बनी रही.

स्थानीय का अलग दावा

वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने इस मामले में अलग पक्ष रखा है. उनका कहना है कि युवक दुकानदार से अपना बकाया पैसा मांगने गया था. दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी. प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने पर युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और युवक पुलिसकर्मियों से भिड़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर पुलिस ने संयम से काम लिया होता तो मामला इतना नहीं बढ़ता. वहीं पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकानदार को गोली मारने की धमकी देने और पुलिस पदाधिकारी के साथ हाथापाई करने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि पुलिस के साथ हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है. किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी. पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

TagsBihar