Bihar

भारत-नेपाल सीमा पर उज्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड से भारत मेंआ रह रही थी

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
भारत-नेपाल सीमा पर उज्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड से भारत मेंआ रह रही थी

मोतिहारी (MOTIHARI) : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात हरैया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक उज्बेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर के मैत्री ब्रिज के पास की गई. महिला नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी, तभी एसएसबी के जवानों ने उसे पकड़ लिया.

भारत में रहने के लिए कोई वैध वीजा नहीं था

गिरफ्तार महिला की पहचान उज्बेकिस्तान की 32 वर्षीय बोजोरोवा शकरजोंन के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान पता चला कि उसके पास भारत में रहने के लिए कोई वैध वीजा नहीं था. बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब एक वर्ष से अपने एक कथित भारतीय मित्र के साथ मुंबई में अवैध रूप से रह रही थी.

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महिला ने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर नाम बदलकर भारत का आधार कार्ड भी बनवा लिया था. इससे सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि फर्जी दस्तावेज बनाने में किन लोगों की भूमिका रही और महिला को किसने मदद पहुंचाई.

महिला के पास से उज्बेकिस्तान का पासपोर्ट संख्या FA0742942 बरामद किया गया है, जिसकी वैधता अक्टूबर 2029 तक है. हालांकि, भारत में रहने के लिए उसके पास वैध वीजा नहीं मिलने के कारण उसे हिरासत में लिया गया.

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है

गिरफ्तारी के बाद एसएसबी ने महिला को कानूनी कार्रवाई के लिए हरैया थाना पुलिस को लिखित आवेदन के साथ सौंप दिया. हरैया थाना पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला भारत में किन परिस्थितियों में रह रही थी, उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और फर्जी आधार कार्ड कैसे बनाया गया.

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जाएगी. यदि इस प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.