भोजपुर: बिहार के भोजपुर में बीते महीने भरत तिवारी नामक युवक के कथित एनकाउंटर मामले में अब तक कोई निर्णय सामने नहीं आने से परिवार के लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है. परिवार का आरोप है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. इसे लेकर अब भरत तिवारी की मां पेट्रोल लेकर अनशन पर बैठ गई है. भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि अब अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो अपने ऊपर पेट्रोल डाल कर आत्मदाह कर लेंगी. अनशन शुरू होते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया. किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है.
जांच के नाम पर कई बार हुई पूछताछ
भरत तिवारी की मां ने आरोप लगाया कि मेरे बेटे की पुलिस वाले ने हत्या की थी. इस मामले में एक एसटीएफ जवान की गिरफ्तारी के अलावा और कोई कार्रवाई नहीं की गई जबकि जांच के नाम पर अब तक कई बार पूछताछ की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि हमसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बुला कर मुलाकात की थीं और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. जांच में देरी से नाराज आशा देवी अब पेट्रोल से भरा बोतल लेकर अनशन पर बैठ गई हैं और उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही न्याय नहीं मिला तो अपने ऊपर पेट्रोल डाल कर आत्मदाह कर लेंगी.
मुख्यमंत्री का आश्वासन भी हुआ फेल
आशा देवी का कहना है कि घटना के पांच महीने बीत जाने के बाद भी परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. इसी से आहत होकर उन्होंने सरकार के खिलाफ अनशन शुरू किया है. वहीं, भरत तिवारी की भाभी सुमन देवी ने भी मामले में अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देकर बुलाया गया था, लेकिन अब तक इंसाफ नहीं मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी परिवार का इस्तेमाल किया गया. इसके बावजूद न्याय की मांग पूरी नहीं हुई.
मनोज तिवारी नहीं उठा रहे फोन
आशा देवी ने आरोप लगाया कि मनोज तिवारी उनका फोन तक नहीं उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पांच महीने बीत जाने के बाद भी परिवार को न्याय नहीं मिला है. इसी वजह से उन्हें अनशन पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है.
जून में हुआ था कथित एनकाउंटर
बता दें कि भोजपुर के बिलौटी गांव में बीते 17 जून को पुलिस पर हथियार तानने और फायरिंग करने के आरोप में एसटीएफ ने स्थानीय युवक भरत तिवारी का एनकाउंटर कर दिया था. मामले में परिवार तथा गांव के लोगों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उसे सरेंडर करने के बाद गोली मार कर हत्या की है. कथित एनकाउंटर की बात सामने आने के बाद देश भर से लोग बिलौटी गांव पहुंचे थे जिसके बाद सरकार ने न्यायिक जांच का आदेश दिया था. मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं आ सका है.