Bihar

पटना के मसौढ़ी में दंपती की संदिग्ध मौत, फंदे से लटकता मिला शव, गांव में मातम

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मसौढ़ी (PATNA): पटना जिले के मसौढ़ी अनुमंडल अंतर्गत लहसुना थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां एक पति-पत्नी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है. सूचना मिलते ही लहसुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

फंदे से लटका मिला शव

मृतकों की पहचान बांसडीह गांव निवासी टोनी कुमार (25 वर्ष) और उनकी पत्नी सलोनी कुमारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने जब दोनों को घर में फंदे से लटका देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.

पुलिस मामले की तहकिकात में जुटी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पति-पत्नी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाया जा सके.

मसौढ़ी के एसडीपीओ-2 कन्हैया सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रतीत होता है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. यदि जांच के दौरान कोई नई जानकारी सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

हृदयविदारक घटना से गांव के लोग स्तब्ध

इस हृदयविदारक घटना से गांव के लोग स्तब्ध हैं. ग्रामीणों के अनुसार, दोनों की शादी को अधिक समय नहीं हुआ था और इस तरह की घटना की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है.

TagsBihar